सिंगरौली: मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के बैढ़न इलाके में शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा में पांच सशस्त्र बदमाशों ने हाल के समय की सबसे बड़ी और दुस्साहसिक डकैती को अंजाम दिया। हथियारबंद लुटेरों ने बैंक के भीतर गोलियां चलाकर दहशत फैलाई और ग्राहकों सहित बैंक कर्मचारियों को बंधक बनाकर करीब 9 से 10 किलोग्राम सोना और 20 लाख रुपये नकद लूट लिए। इस पूरी लूट की अनुमानित कीमत लगभग 15 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।

घटना के दौरान बैंक के भीतर का नजारा बेहद भयावह था। एक चश्मदीद ग्राहक ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि उन्होंने पहली बार अपनी आंखों के सामने लोगों को बंधक बनते देखा। बंदूक की नोक पर लुटेरों ने सभी के मोबाइल फोन छीन लिए और गालियां देते हुए मैनेजर के बारे में पूछा। लुटेरों ने मैनेजर को न पेश करने पर गोली मारने की धमकी दी। हद तो तब हो गई जब बदमाशों ने एक महिला कर्मचारी को डराते हुए कहा, "तुम छत्तीसगढ़ से हो न? मैं वहां जाकर तुम्हारे परिवार को गोली मार दूंगा।" इसके बाद वे लॉकर की चाबियां छीनकर सोने-जेवेरात और नकदी से भरे दो बैग लेकर फरार हो गए।

एक अन्य पीड़ित विनोद कुमार अग्रहरी, जो क्रेडिट कार्ड के काम से बैंक आए थे, ने बताया कि चार-पांच लुटेरों ने अंदर घुसते ही उन्हें जबरन बिठा दिया। विरोध करने पर लुटेरों ने उनके सिर पर बंदूक की बट से प्रहार किया और चार-पांच थप्पड़ जड़ दिए, जिससे वे घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, लुटेरों के पास सटीक जानकारी थी। उन्होंने सीधे उन लॉकर्स को निशाना बनाया जिनमें ग्राहकों ने गोल्ड लोन के बदले सोना गिरवी रखा था। बदमाशों ने मैनेजर को कैश चेस्ट की चाबियां देने और नकदी का विवरण देने के लिए मजबूर किया और हिचकिचाने पर उनके साथ मारपीट की।

पुलिस अधीक्षक (SP) मनीष खत्री ने बताया कि आरोपी बैंक के भीतर करीब 15 मिनट तक रहे। लुटेरों ने बैंक में जमा पुराने 14.5 लाख रुपये और उस दिन के कलेक्शन के साथ-साथ भारी मात्रा में सोना और चांदी पार कर दी। चौंकाने वाली बात यह रही कि डकैती के समय बैंक में कोई सुरक्षा गार्ड मौजूद नहीं था। जांच में सामने आया है कि एक आरोपी ने हेलमेट पहना था, जबकि अन्य के चेहरे खुले थे, जिससे सीसीटीवी के जरिए उनकी पहचान आसान हो गई है। बैंक से महज 50 फीट दूर स्थित एक दुकान के फुटेज में लुटेरे मोटरसाइकिल पर भागते नजर आए हैं।

इस गंभीर वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में नाकाबंदी कर दी गई है। एसपी मनीष खत्री के नेतृत्व में फोरेंसिक टीम ने मौके पर साक्ष्य जुटाए हैं और चार विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं। सिंगरौली के सभी एग्जिट पॉइंट्स सील कर दिए गए हैं और मध्य प्रदेश पुलिस अब पड़ोसी राज्यों छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश की पुलिस के साथ समन्वय कर रही है ताकि अपराधियों को जल्द से जल्द दबोचा जा सके।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story