जोधपुर में धारदार हथियार लेकर घूमने वालों के खिलाफ कमिश्नरेट पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की गठित टीमों ने जिला पूर्व एवं पश्चिम में कार्रवाई करते हुए आरोपियों के कब्जे से धारदार फरी, चाकू, तलवारें और एक मुंह वाली टोपीदार बंदूक बरामद की। सभी आरोपियों के खिलाफ आम्र्स एक्ट के तहत प्रकरण बनाए गए हैं।

बनाड़ पुलिस के अनुसार, तिंवरी चौकी प्रभारी एसआई प्यारेलाल ने ओसियां चौराहा तिंवरी में कार्रवाई करते हुए जेठाराम को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से धारदार फरी जब्त की। उदयमंदिर थाने के एएसआई मदनलाल ने रोडवेज बस स्टैंड के पास शॉपिंग सेंटर दर्पण सिनेमा के पीछे रहने वाले हसमुद्दीन उर्फ भूरिया को पकड़ा और चाकू जब्त किया। इसी स्थान के पास उदयमंदिर आसन निवासी अजालुद्दीन को एएसआई बाबूलाल ने गिरफ्तार कर चाकू बरामद किया।

महामंदिर थाने के एसआई गोविंदराम ने न्यू सब्जी मंडी भदवासिया में कार्रवाई करते हुए कादरी चौक मदेरणा कॉलोनी निवासी नजीर को पकड़ा और उसके पास से चाकू जब्त किया। वहीं, एएसआई जयकिशन ने कादरी चौक मदेरणा कॉलोनी निवासी अकरम को गिरफ्तार कर चाकू बरामद किया।

प्रतापनगर सदर थाने के एएसआई महेंद्र सिंह ने जूडियो शोरूम के पास पीपाड़शहर के सिलावटों का बास निवासी मोहिन खां को चाकू के साथ पकड़ा। प्रतापनगर पुलिस थाने के एसआई श्रवण कुमार ने आखलिया चौराहा स्थित बच्छराज यूनिफार्म के पीछे कबीर नगर भील बस्ती निवासी मो. अयान को गिरफ्तार कर चाकू बरामद किया।

सूरसागर थाने के हेड कांस्टेबल रामेश्वरलाल ने गेंवा बाइपास रोड पर पुरानी भील बस्ती निवासी भरत को गिरफ्तार कर चाकू जब्त किया। इसी थाने के एएसआई श्रवण कुमार ने कालीबेरी अंबेडकर कॉलोनी निवासी हेमाराम को पकड़कर उसके कब्जे से दो तलवारें जब्त कीं।

सरदारपुरा थाने के एएसआई हनुमानराम ने ओलंपिक-एमजीएच रोड पर चहेलों की गली, मेड़ती गेट निवासी नदीम को गिरफ्तार कर चाकू बरामद किया। वहीं, बासनी पुलिस थाने के एसआई त्रिलोकदान ने सांगरिया क्षेत्र में चाकू लेकर घूम रहे पटेल नगर सांगरिया निवासी मो. राहिल को पकड़ा।

इधर, राजीव गांधी नगर थाने के एसआई राजूराम ने नाथों की ढाणी, राजवा निवासी कैलाशनाथ के कब्जे से एक मुंह वाली टोपीदार बंदूक बरामद की। उसके खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।

कमिश्नरेट पुलिस की इस कार्रवाई में जिला पूर्व एवं पश्चिम में हथियारों की धरपकड़ करते हुए कुल 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया। बरामद हथियारों को लेकर आरोपियों के खिलाफ आम्र्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story