जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में बदला लेने के लिए सेना के एक जवान ने थार गाड़ी से टक्कर मारकर जानलेवा हमला करने और अपहरण की साजिश रची। कालवाड़ थाना पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए सेना के जवान सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर पहले कार को टक्कर मारी, फिर लाठी-डंडों और सरियों से हमला कर एक युवक का अपहरण कर लिया। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त थार और स्विफ्ट कार भी जब्त की हैं।

जयपुर (पश्चिम) डीसीपी प्रशांत किरण ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मीणा की ढाणी (जयपुर ग्रामीण) निवासी राजेश चौधरी, दौसरा मंडालिया (जयपुर ग्रामीण) निवासी राजूलाल मीणा और झाझेड़ा (सवाई माधोपुर) निवासी भगीरथ गुर्जर के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि बदला लेने के इरादे से सेना के जवान ने इस पूरी वारदात की साजिश रची और अपने साथियों के साथ मिलकर उसे अंजाम दिया।

पार्थ सिटी निवासी मनीष यादव ने 2 नवंबर, 2026 को कालवाड़ थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि उसका बड़ा भाई गोविंद यादव अपनी कार से पड़ोसी कौशल स्वामी और दो अन्य दोस्तों के साथ कहीं जा रहा था। इसी दौरान वह अपनी कार खड़ी कर उसके अंदर बैठा हुआ था। तभी गलत दिशा से आई एक थार ने उसकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। थार में सवार 6-7 लोगों ने नीचे उतरकर डंडों और सरियों से हमला कर दिया। हमले के दौरान कार में सवार बाकी लोग किसी तरह बाहर निकलकर भाग गए, जबकि हमलावरों ने गोविंद को कार से बाहर निकालकर उसके साथ मारपीट की।

हमलावर इसके बाद गोविंद को जबरन अपनी गाड़ी में डालकर सुशांत सिटी की तरफ ले गए। परिवादी के अनुसार, हमलावरों में से एक युवक के पास पिस्टल भी थी। हमले के दौरान बचकर भागे कौशल स्वामी ने मनीष यादव को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद मनीष ने पुलिस कंट्रोल रूम पर कॉल कर वारदात की सूचना दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। साथ ही अपहृत गोविंद को सकुशल छुड़ाने और वारदात में शामिल हमलावरों को गिरफ्तार करने के लिए कालवाड़ थानाधिकारी दिलीप सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी विश्लेषण और आसूचना संकलन के आधार पर हमलावरों की पहचान राजेश चौधरी, राजूलाल मीणा और भगीरथ गुर्जर के रूप में की गई। इसके बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई थार और स्विफ्ट कार भी जब्त कर ली है।

पुलिस अब इस वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और उनके संबंध में जानकारी जुटा रही है। बदले की साजिश के तहत किए गए हमले और अपहरण के इस मामले में तीन गिरफ्तारियों के बाद जांच का दायरा अन्य आरोपियों तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story