फरीदाबाद। सेक्टर-58 में महज 100 रुपये की चाट उधार न देने पर शुरू हुआ विवाद हिंसक हमले में बदल गया। आरोप है कि चाट उधार मांगने पहुंचे युवक ने पहले रेहड़ी संचालक को थप्पड़ मारा और फिर अपने भाई व पिता को मौके पर बुलाकर परिवार के सदस्यों पर गंडासे और चाकू से हमला कर दिया। हमले में रेहड़ी संचालक समेत चार लोग घायल हो गए। एक युवक का कान कट गया, जबकि दूसरे के हाथ में फ्रैक्चर आया है।

गांव झाड़सेंतली निवासी रूपचंद (35) सेक्टर-58 में आलू-चाट की रेहड़ी लगाता है। घटना रात करीब 9 बजे की है। रूपचंद अपनी रेहड़ी पर मौजूद था। इसी दौरान पास में चिकन की दुकान लगाने वाला जयवीर वहां पहुंचा और उससे 100 रुपये की चाट उधार मांगी। रूपचंद ने उधार देने से इनकार कर दिया, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

रूपचंद के भाई मनीष के अनुसार, उधार देने से मना करने पर जयवीर ने रूपचंद को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद मनीष और परिवार के सदस्य गेंदाराम बीच-बचाव करने के लिए मौके पर पहुंचे। आरोप है कि जयवीर ने अपने भाई रवि और पिता सतबीर को भी वहां बुला लिया। इसके बाद तीनों ने परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया।

मनीष का आरोप है कि हमलावरों ने गंडासे और चाकू से वार किए। हमले के दौरान गेंदाराम के सिर में चोट आई, जबकि रोहित का कान कट गया। मनीष के हाथ में फ्रैक्चर हो गया। इस हमले में कुल चार लोग घायल हुए।

घटना के बाद सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। गेंदाराम और रोहित का इलाज जारी है, जबकि अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

थाना सेक्टर-58 के प्रभारी केवल सिंह ने बताया कि मामले में शिकायत मिली है। पुलिस शिकायत के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। महज 100 रुपये की चाट को लेकर शुरू हुए इस विवाद में चार लोगों के घायल होने के बाद अब पुलिस जांच पर सबकी नजर है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story