बिहार के दरभंगा जिले के बिरौल थाना क्षेत्र के पड़री गांव में दीपावली की रात खूनी वारदात से सनसनी फैल गई। यहां एक युवक की उसके ही रिश्ते के चचेरे भाई ने गोली मारकर हत्या कर दी। आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपी ने काशीकांत ठाकुर के मुंह में पिस्टल डालकर तीन गोलियां दाग दीं। वारदात के बाद बाइक से फरार हो रहे आरोपी को ग्रामीणों ने पीछा कर पकड़ लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से पिस्टल, मैगजीन और करीब 40 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

घटना रविवार (8 नवंबर) देर शाम की है। दीपावली के अवसर पर काशीकांत ठाकुर अपने घर में चौकी पर बैठे थे। इसी दौरान उनके रिश्ते के चचेरे भाई कुमोद ठाकुर वहां पहुंचे। शुरुआत में दोनों के बीच बातचीत हुई, लेकिन कुछ ही देर बाद किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि कुमोद ने पिस्टल निकालकर काशीकांत के मुंह में डाल दी और गोली चला दी। इसके बाद उसने ताबड़तोड़ तीन गोलियां दागीं।

गोलियां काशीकांत के माथे, सीने और शरीर के अन्य हिस्सों में लगीं। गंभीर रूप से घायल काशीकांत की मौके पर ही मौत हो गई। घर के भीतर गोलियों की आवाज गूंजते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और दीपावली की खुशियां मातम में बदल गईं।

हत्या के बाद आरोपी कुमोद ठाकुर बाइक से मौके से फरार होने लगा। इसी दौरान बहेड़ा थाना क्षेत्र के मलौल गांव के पास उसकी बाइक से एक व्यक्ति को धक्का लग गया। इसके बाद ग्रामीणों ने आरोपी का पीछा करना शुरू कर दिया। करीब दो किलोमीटर तक पीछा करने के बाद ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया। वारदात से आक्रोशित लोगों ने आरोपी की पिटाई की और उसे बांधकर रखा।

सूचना मिलने पर बहेड़ा थानाध्यक्ष पंकज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों के कब्जे से आरोपी को छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक पिस्टल, मैगजीन और करीब 40 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इसके अलावा दो खोखे मिलने की भी जानकारी सामने आई है। आरोपी के पास से बॉडी प्रोटेक्टर बरामद होने की बात भी कही जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही बिरौल एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी और थानाध्यक्ष चन्द्रमणि घटनास्थल पर पहुंचे। एफएसएल टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) भेज दिया।

दरभंगा के एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी ने हत्या की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक रिश्ते में आरोपी का चाचा लगता था। दोनों परिवारों के बीच वर्ष 2010 से विवाद चल रहा था। हालांकि, इस खूनी वारदात के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

दीपावली की रात हुई इस हत्या के बाद पड़री गांव में मातम पसरा हुआ है। लंबे समय से दोनों परिवारों के बीच चले आ रहे विवाद के बीच हुई इस वारदात ने गांव में तनाव और दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story