साइबर ठगी: दीपावली विश के नाम पर आ रही APK फाइल, हो जाएं सावधान
दीपावली के शुभकामना संदेशों के बहाने व्हाट्सएप पर भेजी जा रही एपीके फाइल्स से मोबाइल हैक होने और बैंक खाते खाली होने का खतरा बढ़ गया है।

दीपावली विश के नाम पर एपीके फाइल भेजने से जुड़े साइबर फ्रॉड के संदर्भ में AI जनरेटेड तस्वीर।
अली अब्बास, आगरा। दीपावली की शुभकामनाओं के नाम पर भेजा गया एक संदेश आपका बैंक खाता खाली कर सकता है। साइबर अपराधियों ने त्योहार की बधाई देने के बहाने लोगों को निशाना बनाने के लिए एपीके (APK) फाइल भेजना शुरू कर दिया है। इस फाइल पर क्लिक करते ही मोबाइल हैक होने और ऑनलाइन बैंकिंग के जरिए बैंक खातों से रकम निकालने का खतरा पैदा हो रहा है।
आगरा पुलिस कमिश्नरेट में पिछले दस महीने के दौरान साइबर अपराधियों के हाथों लोग 21 करोड़ रुपये गंवा चुके हैं। साइबर अपराधी भी अब मौसम और त्योहारों के अनुसार ठगी के नए तरीके अपना रहे हैं। पिछले दो महीने से शहर के लोगों को ग्रीन गैस मीटर अपडेट कराने, सब्सिडी लौटाने और बिल के 12 रुपये बकाया होने का झांसा देकर निशाना बनाया जा रहा था। इन तरीकों से दो दर्जन से अधिक लोगों से तीन करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम ठगी जा चुकी है।
अब दीपावली का त्योहार नजदीक आने के साथ ही साइबर अपराधियों ने ठगी का तरीका बदल दिया है। वे लोगों को शुभकामना संदेश के नाम पर एपीके फाइल भेज रहे हैं। बुधवार को साइबर क्राइम सेल में ऐसे दो मामले सामने आए, जिनमें दीपावली की शुभकामनाओं के बहाने एपीके फाइल भेजकर मोबाइल हैक करने का प्रयास किया गया। हालांकि, दोनों मामलों में समय रहते साइबर क्राइम सेल पहुंचने के कारण लोगों के बैंक खाते सुरक्षित रहे।
इस वर्ष साइबर ठगी में रकम गंवाने वाले लोगों में अधिकांश निवेश के नाम पर धोखाधड़ी का शिकार हुए हैं। डीसीपी साइबर क्राइम आदित्य ने बताया कि लोगों को एपीके फाइल डाउनलोड नहीं करने के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है।
उन्होंने सोशल मीडिया यूजर्स से अपील की कि वाट्सएप पर शुभकामना संदेश के नाम से आने वाली किसी भी एपीके फाइल या लिंक पर क्लिक न करें। यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है तो उसे तत्काल साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करना चाहिए।
दीपावली की बधाई के बहाने मोबाइल तक पहुंच बनाने की साइबर अपराधियों की यह कोशिश त्योहार के दौरान ऑनलाइन बैंकिंग और डिजिटल लेनदेन करने वाले लोगों के लिए सतर्क रहने की चेतावनी है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
