मुंबई: टीवी और फिल्म जगत के जाने-माने अभिनेता विपुल रॉय के खार स्थित आवास पर 7.10 लाख रुपये की बड़ी चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अभिनेता ने एक मोबाइल ऐप के जरिए घरेलू सहायिका को काम पर रखा था, जिसने मौका पाकर नकद और कीमती गहनों पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और खार पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर सघन जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, चालीस वर्षीय अभिनेता विपुल रॉय अपने परिवार के साथ aखार पश्चिम में एसवी रोड स्थित कलानिकेतन बिल्डिंग की 10वीं मंजिल पर रहते हैं। विपुल अक्सर घर के कामकाज के लिए एक कंपनी के ऐप के माध्यम से अस्थायी रूप से घरेलू सहायिकाएं बुलाते थे। अपने बयान में अभिनेता ने बताया कि उन्होंने 6 अप्रैल को सफाई और अन्य घरेलू कामों के लिए दीपाली संजय खरवा नामक महिला को बुलाया था। यह महिला पहले भी चार बार उनके घर काम करने आ चुकी थी, जिसके कारण वह घर के कमरों, अलमारियों और परिवार की दिनचर्या से पूरी तरह वाकिफ हो चुकी थी।

वारदात वाले दिन यानी 6 अप्रैल की सुबह करीब 9:45 बजे दीपाली काम पर आई। सफाई के दौरान उसने शातिर तरीके से विपुल रॉय से कहा कि वे कमरे के अंदर गीले पैरों से न आएं क्योंकि वह पोंछा लगा रही है। इसके बाद उसने चतुराई से कमरे को अंदर से बंद कर लिया। करीब 15 मिनट बाद वह कमरे से बाहर निकली और काम खत्म होने की बात कहकर घर से चली गई। अगले दिन जब विपुल ने बाहर जाने के लिए अपनी अलमारी खोली, तो दराज से नकदी और गहने गायब देख उनके होश उड़ गए। उन्हें तुरंत दीपाली पर शक हुआ क्योंकि कमरे में वही दाखिल हुई थी।a

चोरी गए सामान की सूची में 100 अमेरिकी डॉलर के तीस नोट, 7,000 संयुक्त अरब अमीरात दिरहम, 14,500 थाई बाहत, एक चांदी का कंगन और सोने-हीरे की दो अंगूठियां शामिल हैं। चोरी की गई इस संपत्ति की कुल कीमत लगभग 7.10 लाख रुपये आंकी गई है। खार पुलिस ने 21 अप्रैल, 2026 को आरोपी महिला के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। वर्तमान में पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ ऑनलाइन बुकिंग विवरणों की जांच कर रही है और तकनीकी सर्विलांस के जरिए आरोपी महिला की लोकेशन ट्रैक करने का प्रयास कर रही है। यह घटना मोबाइल ऐप के जरिए अनजान लोगों को घर में प्रवेश देने की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

Updated On
Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story