मुंबई। स्कूल हेल्थ एंड वैलनेस कार्यक्रम के तहत उदयपुर जिले के घासा ब्लॉक स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सिंदू एक बार फिर चर्चा में रहा, जब विद्यालय से जुड़े छात्र और शिक्षक ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर लौटने के बाद सम्मान प्राप्त किया। दिल्ली में आयोजित एक दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला में विद्यालय के प्रधानाचार्य उमेश माहेश्वरी के निर्देशन में हेल्थ मैसेंजर कक्षा 12 के छात्र दीपेंद्र सिंह झाला ने विद्यालय में किए गए कार्यों तथा उनसे जुड़े कार्यक्रमों के अपने अनुभव छात्र-छात्राओं के समक्ष विस्तार से प्रस्तुत किए।

यह कार्यशाला स्कूल हेल्थ एंड वैलनेस कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित की गई, जिसमें पियर पायलटिंग कार्यक्रम की "सीखों" को साझा किया गया। उक्त कार्यक्रम RSCERT उदयपुर के निर्देशन में तथा डाईट उदयपुर द्वारा चयनित सिंदू विद्यालय में सहयोगी संस्था UNFPA के माध्यम से संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाना और नेतृत्व क्षमता विकसित करना है।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्रभारी एवं हेल्थ एंबेसडर सुरेश टॉक ने भी भाग लिया और नई दिल्ली में आयोजित कार्यशाला में अपने विद्यालय के अनुभव एवं उपलब्धियों को साझा किया। राष्ट्रीय मंच पर विद्यालय की सक्रिय भागीदारी ने संस्था की पहचान को और सुदृढ़ किया।

दिल्ली से लौटने के बाद विद्यालय परिसर में आयोजित सम्मान समारोह में विद्यालय स्टाफ एवं एसडीएमसी समिति के अध्यक्ष मांगीलाल लोढा, राजेश दुग्गड और रामलाल सुथार ने शिक्षक सुरेश टॉक और छात्र दीपेंद्र सिंह झाला का पगड़ी एवं उपरणा पहनाकर तथा पुष्प वर्षा कर अभिनंदन किया। इस अवसर पर विद्यालय की उप प्राचार्या श्रीमती पद्मजा शर्मा, पुष्कर लाल मालवीय उपप्राचार्य, प्राध्यापक श्रीमती ज्योति कुमावत, नीलू अग्रवाल, पूर्णिमा पालीवाल, रमेश कुमार पटेल, नरेंद्र सिंह झाला, सोहनलाल गमेती सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।

यह सम्मान न केवल छात्र और शिक्षक के प्रयासों की सराहना है, बल्कि विद्यालय में संचालित पियर पायलटिंग कार्यक्रम की प्रभावशीलता और उसके सकारात्मक परिणामों का प्रमाण भी है, जो भविष्य में अन्य विद्यालयों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story