राजस्थान प्रेस क्लब मुंबई के नए अध्यक्ष बने वरिष्ठ पत्रकार कुमार महादेव व्यास
मुंबई स्थित राजस्थान प्रेस क्लब के चुनाव संपन्न हुए, जिसमें वरिष्ठ पत्रकार कुमार महादेव व्यास अध्यक्ष चुने गए। होटल आदर्श पैलेस में आयोजित इस साधारण सभा में नई कार्यकारिणी का गठन और दिनेश्वर माली की पुस्तक का लोकार्पण भी हुआ।

राजस्थान प्रेस क्लब मुंबई के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों और सदस्यों का समूह, जिसमें पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया जा रहा है।
मुंबई में राजस्थानी प्रवासी पत्रकारों की एकमात्र प्रतिनिधि संस्था राजस्थान प्रेस क्लब की साधारण आम सभा होटल आदर्श पैलेस में आयोजित हुई, जिसमें नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। वर्तमान कार्यकारिणी का कार्यकाल पूर्ण होने के बाद आयोजित इस चुनाव प्रक्रिया में वरिष्ठ पत्रकार कुमार महादेव व्यास को राजस्थान प्रेस क्लब का नया अध्यक्ष चुना गया। यह पूरी चुनावी प्रक्रिया राजस्थान सूचना केंद्र, मुंबई की प्रभारी सहायक निदेशक ऋतु सोढ़ी एवं संस्थापक व चुनाव अधिकारी जगदीश पुरोहित के निर्देशन में संपन्न हुई। नवनिर्वाचित अध्यक्ष कुमार महादेव व्यास के साथ ही व्यास रावल को कार्यकारी अध्यक्ष, ललित शक्ति को सचिव और रमेश काबरा को कोषाध्यक्ष के पद पर चुना गया। इसके अतिरिक्त हरीश राजावत संयुक्त सचिव तथा राहुल पारीक, जितेंद्र सिंह राठौड़, सुरेश भंसाली, ज्योति मुनौत, मनीष पालीवाल और श्रीमती विद्या उत्तम शाह को कार्यकारिणी सदस्य के रूप में सर्वसम्मति से चुना गया।
वार्षिक साधारण सभा का शुभारंभ गायत्री मंत्र के उच्चारण के साथ हुआ। इस अवसर पर सभा में उपस्थित सदस्यों ने राजस्थानी प्रवासी समाज के दिवंगत नेता राज के पुरोहित को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की और प्रवासी समाज के प्रति उनके योगदान को याद किया। सभा के दौरान अध्यक्ष कन्हैयालाल खंडेलवाल ने अपने स्वागत उद्बोधन में प्रेस क्लब की स्थापना की अवधारणा और उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। सचिव व्यास कुमार रावल ने पिछले तीन वर्षों की गतिविधियों का विवरण प्रस्तुत किया, जबकि कोषाध्यक्ष दिनेश्वर माली द्वारा वार्षिक आय-व्यय का ब्यौरा रखा गया, जिसे सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया।
पूर्व अध्यक्ष नीरज दवे ने प्रवासी पत्रकारों के बीच आपसी सौहार्द और सकारात्मकता को सामाजिक समरसता के लिए शुभ संकेत बताया। वहीं, वरिष्ठ मीडिया विशेषज्ञ निरंजन परिहार ने संगठन की रीति-नीति पर चर्चा की। राजस्थान सूचना केंद्र की सह आयुक्त ऋतु सोढ़ी ने पत्रकारों से राजस्थान सरकार की जन-कल्याणकारी विकास योजनाओं को प्रवासी राजस्थानियों तक पहुंचाने में सक्रिय योगदान देने का आग्रह किया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष कुमार महादेव व्यास ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी साथियों के सहयोग से प्रेस क्लब उत्तरोत्तर प्रगति करेगा। कार्यक्रम के दौरान प्रवासी पत्रकार दिनेश्वर माली द्वारा लिखित आध्यात्मिक पुस्तक मेरी आंतरिक आध्यात्मिक यात्रा का लोकार्पण भी किया गया, जिसे पूर्व अध्यक्ष कन्हैयालाल खंडेलवाल, नवनिर्वाचित अध्यक्ष कुमार महादेव व्यास एवं ऋतु सोढ़ी ने संयुक्त रूप से संपन्न किया।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
