मुंबई और मारवाड़ के बीच यात्रा करने वाले लाखों प्रवासियों के लिए वर्षों से लंबित रेल सुविधाओं के विस्तार की मांग को अब एक नई और सशक्त दिशा मिल गई है। हाल ही में मरीन ड्राइव स्थित हिंदी विद्याभवन सभागार में आयोजित राजस्थान मीटर गेज प्रवासी संघ के 47वें अधिवेशन में रेल विकास के इस संघर्ष को उस समय निर्णायक मोड़ मिला, जब तीन वरिष्ठ सांसदों ने इस मांग को संसद में मजबूती से उठाने और रेल मंत्रालय तक पहुँचाने का संकल्प लिया।

अधिवेशन की अध्यक्षता जैन इंटरनेशनल सेवा ऑर्गोनाइजेशन (जीसो) के अध्यक्ष सुरेष पुनमिया ने की, जिसमें राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं लोकसभा सांसद अरविंद सावंत तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं राज्यसभा सांसद मिलिंद देवड़ा विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में नगरसेवक आकाश पुरोहित सहित राजस्थानी समाज की 50 से अधिक सामाजिक संस्थाओं के लगभग 350 प्रतिनिधियों ने भाग लेकर अपनी एकजुटता का प्रदर्शन किया। वर्ष 1979 से निरंतर सक्रिय इस प्रवासी संघ के मंच से सांसदों ने स्पष्ट किया कि वे राजस्थानी समाज aकी रेल संबंधी समस्याओं के समाधान और नई ट्रेनों के संचालन के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करेंगे।

प्रवासी संघ के अध्यक्ष विमल रांका ने अधिवेशन को संबोधित करते हुए कहा कि यात्रियों की बढ़ती संख्या के अनुपात में दैनिक रेल सेवाओं का अभाव समाज के लिए निरंतर परेशानी का कारण बना हुआ है। संघ के पदाधिकारियों ने दशकों पुराने इस संघर्ष और रेल मंत्रालय के समक्ष रखी जाने वाली प्रमुख मांगों से सांसदों को विस्तारपूर्वक अवगत कराया। इस अवसर पर रेल विकास अभियान में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रतिनिधियों का सम्मान भी किया गया, जिसमें राज्यसभा सांसद गहलोत के हाथों डॉ. वंदना डांगी, काशीराम रावल, अशोक आर गहलोत और देवेंद्र सिंह मीणा को सम्मानित किया गया।

पिछले पांच दशकों से रेल सुविधाओं के उन्नयन और स्टेशनों के विकास के लिए संघर्षरत इस संस्था के अधिवेशन में सांसदों का यह आश्वासन राजस्थानी प्रवासियों के लिए एक बड़ी उम्मीद बनकर उभरा है। जन प्रतिनिधियों के इस ठोस समर्थन ने न केवल प्रवासी संघ के मनोबल को बढ़ाया है, बल्कि मुंबई और मारवाड़ के बीच बेहतर रेल संपर्क के सपने को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव भी तय किया है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित समाजबंधुओं ने विश्वास व्यक्त किया कि अब संयुक्त प्रयासों से भविष्य में नई रेल सेवाओं का मार्ग प्रशस्त होगा और यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story