अभिनेता राज जांगिड़ ने गाए संत बाबा बावळिया के भजन, जयपुर में हुई रिकॉर्डिंग
राजस्थानी फिल्मों के प्रसिद्ध अभिनेता राज जांगिड़ ने गायक के रूप में नई पारी शुरू कर चमत्कारिक संत बावळिया बाबा को समर्पित भजनों को अपनी आवाज दी है।

जयपुर। राजस्थान के प्रसिद्ध अभिनेता राज जांगिड़, जिन्होंने दर्जनों हिन्दी व राजस्थानी फिल्मों एवं धारावाहिकों में मुख्य नायक व खलनायक की दमदार भूमिकाएं निभाई हैं, उन्होंने अब भजन गाकर अपनी एक नई और अलग पारी की शुरुआत की है। राजकीय सम्मान से सम्मानित अभिनेता राज जांगिड ने राजस्थान के प्रसिद्ध लेखक, निर्देशक एवं अभिनेता क्षितिज कुमार के लिखे भजनों को अपनी सुरीली आवाज दी है।
भजन रिकॉर्डिंग और मुख्य कलाकार
फिल्म 'नखराळो देवरियो भाभी पर जादू करग्यो' और 'सुपातर बिंदणी' फेम क्षितिज कुमार ने ही इन भजनों को संगीत से सजाया है। इन भजनों की रिकॉर्डिंग आज राजस्थान की राजधानी जयपुर के डायमंड रिकॉर्डिंग स्टूडियो में संपन्न हुई। इस विशेष अवसर पर अभिनेता एवं गायक राज जांगिड़ के साथ नवोदित सिंगर सुमन जयपुरी ने भी अपनी आवाज का जादू बिखेरा और भजनों को पूर्णता प्रदान की।
चमत्कारिक संत बावळिया बाबा को समर्पित
ये भजन शेखावाटी क्षेत्र के बुगाला में जन्मे और चिड़ावा में स्थित चमत्कारिक संत बावळिया बाबा पण्डित गणेशनारायण जी की महिमा का गुणगान करते हैं। गीतकार, संगीतकार, निर्देशक एवं अभिनेता क्षितिज कुमार ने बताया की "बाबा के भक्त सारी दुनिया में बड़े-बड़े उद्यमियों के साथ हर तबके के लोग हैं और हर वर्ष भरने वाले मेले में लाखों लोगो का आवागमन होता है।"
निर्माण एवं तकनीकी टीम
भजन संग्रह के निर्माण की जिम्मेदारी निर्माता प्रदीप सोनी ने बखूबी निभाई है। वहीं, जयपुर के डायमंड रिकॉर्डिंग स्टूडियो में रिकोर्डिस्ट रघुनन्दन सोनी द्वारा इन भक्तिमय गीतों को रिकॉर्ड किया गया है। अभिनय के क्षेत्र में लोहा मनवाने के बाद राज जांगिड़ की इस संगीतमय पारी को लेकर उनके प्रशंसकों और बाबा के भक्तों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
