राजस्थान से लगातार दूसरी बार राज्यसभा के लिए निर्वाचित सांसद नीरज डांगी के सम्मान में मुंबई में एक भव्य अभिनंदन समारोह आयोजित किया जाएगा। प्रवासी राजस्थानी समाज के प्रमुख संगठन राजस्थान मीटर गेज प्रवासी संघ की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर समाज के विभिन्न वर्गों में उत्साह का माहौल है। यह आयोजन न केवल सांसद डांगी की उपलब्धि का सम्मान होगा, बल्कि प्रवासी राजस्थानियों की सामाजिक एकजुटता और राजस्थान के प्रति उनके समर्पण का भी प्रतीक बनेगा।

राजस्थान मीटर गेज प्रवासी संघ द्वारा आयोजित यह समारोह 20 जून 2026, शनिवार को शाम 7 बजे गिरगांव स्थित गोल्डन व्हील होटल में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रवासी राजस्थानी समाज से जुड़े उद्योगपति, समाजसेवी, व्यापारी तथा विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों की उपस्थिति रहने की संभावना है।

संघ के अध्यक्ष विमल रांका ने बताया कि सांसद नीरज डांगी लंबे समय से प्रवासी राजस्थानियों के हितों और सामाजिक सरोकारों से जुड़े रहे हैं। राज्यसभा के लिए उनका निर्विरोध पुनर्निर्वाचन राजस्थान सहित देशभर में बसे प्रवासी राजस्थानियों के लिए गौरव का विषय है। इसी उपलब्धि के उपलक्ष्य में उनका सार्वजनिक सम्मान करने का निर्णय लिया गया है।

उन्होंने बताया कि राजस्थान के विकास और राजस्थानियों के हितों की रक्षा में डांगी परिवार का विशेष योगदान रहा है। राज्यसभा में सांसद नीरज डांगी लगातार रेल विकास से जुड़े मुद्दों को उठाते रहे हैं। प्रवासी संघ के पदाधिकारियों की रेल मंत्री के साथ हुई विभिन्न बैठकों और संवाद में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है, जिससे रेल सुविधाओं के विस्तार और विकास संबंधी प्रयासों को बल मिला।

सांसद डांगी के दिवंगत पिता तथा राजस्थान सरकार में मंत्री रहे दिनेश राय डांगी का भी राजस्थान मीटर गेज प्रवासी संघ के साथ गहरा आत्मीय संबंध रहा है। उन्होंने प्रवासी समाज को संगठित करने और सामाजिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया था।

संघ के सचिव निरंजन परिहार के अनुसार, समारोह के दौरान समाजहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही प्रवासी राजस्थानियों की भावी योजनाओं, संगठनात्मक गतिविधियों और समाज के विकास से जुड़े मुद्दों पर भी विचार-विमर्श होगा।

उल्लेखनीय है कि राजस्थान मीटर गेज प्रवासी संघ पिछले 48 वर्षों से मुंबई में बसे राजस्थानियों को सामाजिक, सांस्कृतिक और पारस्परिक सहयोग के सूत्र में बांधने का कार्य कर रहा है। संघ समय-समय पर प्रतिभा सम्मान, छात्रवृत्ति, चिकित्सा सहायता, आपदा राहत, सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने वाले अनेक आयोजन करता रहा है। इसके अतिरिक्त राजस्थान, मुंबई और दक्षिण भारत के बीच रेल सेवाओं के विकास में भी संगठन की सक्रिय भूमिका रही है।

ऐसे में 20 जून को आयोजित होने वाला यह अभिनंदन समारोह केवल एक जनप्रतिनिधि के सम्मान तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह प्रवासी राजस्थानियों की एकता, सामाजिक सहभागिता और अपनी मातृभूमि राजस्थान के प्रति उनके अटूट जुड़ाव को भी सशक्त रूप से अभिव्यक्त करेगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story