मुंबई। श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ मेवाड़ भवन वाशी में महामंत्री सौभाग्य मुनि महाराज का छठा पुण्य स्मृति दिवस महासती मुक्ति प्रभा महाराज आदि ठाणा तीन के सान्निध्य में श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ एकासन दिवस के रूप में मनाया गया।

कार्यक्रम में समाज के श्रावक-श्राविकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान 71 एकासन किए गए। श्रावक-श्राविकाओं ने एकासन के माध्यम से गुरु भक्ति और गुरुदेव के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।

पुण्य स्मृति दिवस के कार्यक्रम में वाशी संघ के संरक्षक भंवरलाल बोहरा, अध्यक्ष जयप्रकाश बोहरा, मंत्री संजय चिप्पड़ एवं रेखा चौहान ने विचार व्यक्त किए। उन्होंने सौभाग्य मुनि से जुड़ी विभिन्न स्मृतियों को याद किया।

विशेष वक्ता के रूप में रोशनलाल वडाला ने सौभाग्य मुनि के सभी चातुर्मासों का उल्लेख करते हुए गुरुदेव के मेवाड़ संघ के प्रति विभिन्न योगदानों पर प्रकाश डाला। उन्होंने मेवाड़ भवन वाशी पर गुरुदेव की विशिष्ट कृपा के लिए गुरुदेव के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित की।

कार्यक्रम में उपस्थित श्रावक-श्राविकाओं ने गुरुदेव की पुण्य स्मृति को नमन किया। साथ ही उनके बताए मार्ग पर चलने तथा उनके आध्यात्मिक संदेशों को जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया। इस प्रकार सौभाग्य मुनि महाराज का छठा पुण्य स्मृति दिवस गुरु भक्ति और श्रद्धा के साथ मनाया गया।

यह जानकारी नवयुवक मंडल के मंत्री श्री कल्पेश जी कोठारी ने दी।

मनीष पालीवाल

मनीष पालीवाल

मनिष पालीवाल, मुंबई स्थित अनुभवी पत्रकार हैं, जो सामाजिक, राजनीतिक और स्थानीय खबरों की रिपोर्टिंग में माहिर हैं। अपनी गहन जांच और सटीक रिपोर्टिंग के लिए जाने जाने वाले मनिष हमेशा ताजा और विश्वसनीय समाचार पाठकों तक पहुँचाने का प्रयास करते हैं। उनके लेखों में निष्पक्षता, तथ्यपरक विश्लेषण और स्थानीय घटनाओं की गहराई दिखाई देती है, जिससे पाठकों को समाचार का पूरा परिप्रेक्ष्य समझ में आता है। प्रात:काल में, मनिष पालीवाल की रिपोर्टिंग ने पाठकों के बीच विश्वास और लोकप्रियता दोनों ही अर्जित की है। मुलरुप से पालीवाल मेवाड़ नाथद्वारा क्षेत्र के केसुली गांव के निवासी है। यह दै.प्रात:काल के साथ 2003 से कार्यरत है।


Next Story