नायगांव: श्री नारायणी गौशाला में 36 एकड़ परिसर का भूमि एवं गऊ पूजन संपन्न
वसई-विरार के जू चंद्र में 400 गायों के लिए गौशाला का निर्माण शुरू, चिकित्सा सुविधा और भव्य मंदिरों के साथ स्वरोजगार पर रहेगा जोर।

नायगांव के जू चंद्र परिसर में आयोजित समारोह के दौरान श्री नारायणी गौशाला एंड चैरिटेबल ट्रस्ट के सदस्य और श्रद्धालु गऊ पूजन और भूमि पूजन अनुष्ठान संपन्न करते हुए।
श्री नारायणी गौशाला एंड चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में निर्माणाधीन गौशाले में गऊ पूजन एक समारोह में किया गया। वसई-विरार शहर मनपा क्षेत्र के नायगांव, जू चंद्र परिसर में 36 एकड़ जमीन पर निर्माणाधीन गौशाले में 400 गायों को रखने की व्यवस्था की गई है। गौशाला में गायों की देखभाल के लिए पशु चिकित्सालय के साथ दो दर्जन से अधिक गो सेवक तैनात किए गए हैं। रविवार को आयोजित इस भव्य समारोह की शुरुआत वैदिक विधान से गौशाला भूमि पूजन एवं गौ पूजन के साथ हुई, जिसके बाद पूजन अनुष्ठान के साथ संगीतमय सुंदरकांड पाठ एवं श्याम भजन संध्या का आयोजन किया गया।
धार्मिक स्थलों का निर्माण और भक्तिमय आयोजन
इस परिसर में चिकित्सा सुविधा के साथ-साथ धार्मिक स्थलों का निर्माण भी किया जाएगा। यहां बनाए जा रहे धार्मिक स्थल पर बालाजी हनुमान जी, बाबा श्याम प्रभु, दादी राणी सती, भोलेनाथ एवं राधा-कृष्ण के मंदिर का निर्माण किया जाएगा। समारोह के दौरान सामूहिक सुंदरकांड का पाठ किया गया और शाम को आयोजित श्री श्याम भजन संध्या में राजू खंडेलवाल, मनीष पिंचा एवं मंडली ने मधुर भजन प्रस्तुत किए।
गो-संरक्षण, संवर्धन और भविष्य की योजनाएं
गौशाला ट्रस्ट के नीरज नेवटिया एवं उदय पार्सेकर ने बताया कि "गो-संरक्षण एवं गो संवर्धन का लक्ष्य लेकर इस गौशाला के निर्माण का संकल्प लिया था। गो सेवा के इच्छुक श्रद्धालुओं की आस्था को देखते हुए महानगर के करीब गौशाला बनाने का संकल्प किया था। पहले चरण में हम यहां 200 गायों को रख रहे हैं। अगले चरण में जल्द ही 200 और गायों के रखने की तैयारी है। भविष्य में हमारी योजना गाय के गोबर, गोमूत्र, दूध एवं अन्य पदार्थों से रोजगार उपलब्ध कराना है।"
गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति
36 एकड़ परिसर में निर्माणाधीन इस गौशाला के माध्यम से गो-सेवा के एक नए अध्याय की शुरुआत की गई है। इस विशेष अवसर पर नरेंद्र खेतान, नितिन अग्रवाल, अमित लखोटिया, वेणुगोपाल गरोडिया, शिशिर फतेहचंदका, राजेंद्र शर्मा, हेमंत अग्रवाल, हरीश खेतान, कृष्णा खेतान, सुनील केडिया, प्रदीप खेमका, नंदा चोमल, मंगला पुरोहित, श्रवण सैनी, राहुल ढेडिया, जितेंद्र पटोदिया एवं नीरज खेतान आदि मुख्य रूप से मौजूद थे।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
