षण्मुखानंद ऑडिटोरियम में 25 जून को महाराणा प्रताप जयंती पर होगा विराट राष्ट्रीय कवि सम्मेलन, शौर्य और राष्ट्रभक्ति की गूंज से सजेगा मंच
मुंबई के षण्मुखानंद ऑडिटोरियम में 25 जून को महाराणा प्रताप जयंती पर भव्य राष्ट्रीय कवि सम्मेलन होगा। वीर, हास्य और श्रृंगार रस से सजे इस आयोजन में कई नामचीन कवि मंच पर प्रस्तुति देंगे।

मुंबई में महाराणा प्रताप जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय कवि सम्मेलन के आमंत्रण पत्र का विमोचन करते श्री मेवाड़ मित्र मंडल के पदाधिकारी और सदस्य।
मुंबई के सायन स्थित प्रतिष्ठित षण्मुखानंद ऑडिटोरियम में 25 जून को वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की 486वीं जयंती के उपलक्ष्य में विराट राष्ट्रीय कवि सम्मेलन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन श्री मेवाड़ मित्र मंडल, मुंबई के तत्वावधान में संपन्न होगा, जिसका उद्देश्य महाराणा प्रताप के शौर्य, राष्ट्रभक्ति और सांस्कृतिक मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाना है।
कार्यक्रम की शुरुआत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ होगी, जिसके बाद कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देश के विभिन्न हिस्सों से आए ख्यातिप्राप्त कवि अपनी रचनाओं के माध्यम से वीर रस, हास्य और श्रृंगार की विविध छटा बिखेरेंगे। इस अवसर पर वीर रस के राष्ट्रीय कवि विनीत चौहान (बावल), हास्य कवि प्रवीण शुक्ला (दिल्ली), श्रृंगार रस की कवयित्री पूनम वर्मा (मथुरा), हास्य कवि वेदी वसंत (भीलवाड़ा-नेवला) तथा स्टार एंकर सुनील व्यास (राजसमंद) अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
श्री मेवाड़ मित्र मंडल के सचिव पारस पीपाड़ा ने जानकारी देते हुए बताया कि अध्यक्ष लालचंद बंबोरी के नेतृत्व में इस भव्य आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं। कार्यक्रम के लिए आमंत्रण पत्र का विमोचन भी किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि यह आयोजन प्रतिवर्ष महाराणा प्रताप के आदर्शों को स्मरण करते हुए समाज में राष्ट्रीय चेतना और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित किया जाता है।
इस आयोजन को सफल बनाने में यशवंत कुमार वागरेचा, कमलेश कुमार वागरेचा, उपाध्यक्ष रूपलाल प्रजापत, कोषाध्यक्ष पूजा लाल पटेल सहित अनेक कार्यकर्ता सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। तैयारियों में दिनेश बंबोरी, मुकेश पालीवाल, किशन गायरी, यशपाल पालीवाल, मुकेश रोडदिया, बंसीलाल प्रजापत, हरजी पटेल, रामजी पटेल, सुशील प्रजापत, छबी लाल प्रजापत, भूरीलाल प्रजापत, प्रविण राठौड़, राकेश इंटोदिया, कमलेश राठौड़, संदीप बंबोरी, प्रविण पीपाड़ा, महेन्द्र एच. पीपाड़ा, प्रशांत लोढा, महेन्द्र सिंह डुलावत, आजाद भाई देरासरिया, धर्मेश पामेचा, भगवती भाई, हिम्मत भाई, थाना हिम्मत, शिशोदिया, मुकेश रोडदिया, हसमुख सिंघवी सहित कई अन्य सदस्य जुटे हुए हैं।
यह आयोजन न केवल काव्य और संस्कृति का उत्सव होगा, बल्कि महाराणा प्रताप के आदर्शों और राष्ट्रीय चेतना को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम भी बनेगा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
