कांदिवली पूर्व में महापौर चषक ट्रॅडिशनल रेसलिंग प्रतियोगिता 2025-26 का भव्य आयोजन, युवा खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
कांदिवली पूर्व में आयोजित महापौर चषक ट्रॅडिशनल रेसलिंग प्रतियोगिता 2025-26 में मुंबई के विभिन्न जिलों से पहुंचे खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। आयोजन में महापौर सहित कई गणमान्य हस्तियों की मौजूदगी रही।

कांदिवली के कनक श्री हॉल में आयोजित महापौर चषक पारंपरिक कुश्ती प्रतियोगिता 2025-26 के समापन और उद्घाटन समारोह के दौरान उपस्थित पूर्व सांसद गोपाल शेट्टी, पूर्व नगरसेवक ठाकुर सागर सिंह और अन्य गणमान्य अतिथि।
मुंबई के कांदिवली पूर्व स्थित कनक श्री हॉल में 21 जून 2026 को "महापौर चषक ट्रॅडिशनल रेसलिंग प्रतियोगिता 2025-26" का भव्य आयोजन किया गया। बृहन्मुंबई महानगरपालिका तथा ट्रॅडिशनल रेसलिंग असोसिएशन ऑफ सबर्बन डिस्ट्रिक्ट (रजि.) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता ने खेल प्रेमियों और युवा खिलाड़ियों के बीच विशेष उत्साह का माहौल बनाया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ पूर्व सांसद एवं जनसेवक गोपाल शेट्टी, कार्यक्रम संयोजक एवं कांदिवली पूर्व विधानसभा के पूर्व नगरसेवक ठाकुर सागर सिंह, समाजसेवक अनिल गांधी, मुकेश पामेचा, सतीश लिंबाचिया, निपुल शाह, स्मिता ढोलकिया सहित अन्य गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। उद्घाटन समारोह के दौरान खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में मुंबई महापौर रितू तावडे और उपमहापौर संजय घाडी की उपस्थिति ने आयोजन को और अधिक प्रतिष्ठा प्रदान की। मुंबई विभाग के विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों के लिए यह प्रतियोगिता अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन करने का महत्वपूर्ण मंच साबित हुई। आयोजन के दौरान खिलाड़ियों के उत्साह और प्रतिस्पर्धात्मक भावना ने पूरे वातावरण को ऊर्जा से भर दिया।
कार्यक्रम के संयोजक एवं कांदिवली पूर्व विधानसभा के पूर्व नगरसेवक ठाकुर सागर सिंह ने कहा कि वे युवा खिलाड़ियों के हित और उनके विकास के लिए सदैव समर्पित रहेंगे। वहीं, ट्रॅडिशनल रेसलिंग असोसिएशन ऑफ सबर्बन डिस्ट्रिक्ट के अध्यक्ष आशुतोष पांडे, सचिव सुमित मिस्त्री और खजिनदार राहुल भोसले ने ट्रॅडिशनल रेसलिंग को मुंबई के प्रत्येक क्षेत्र तक पहुंचाने तथा इसके व्यापक प्रचार-प्रसार का संकल्प व्यक्त किया।
महापौर चषक ट्रॅडिशनल रेसलिंग प्रतियोगिता 2025-26 का यह आयोजन न केवल खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करता है, बल्कि पारंपरिक कुश्ती खेल को नई पहचान देने और युवा पीढ़ी को इससे जोड़ने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
