शिक्षा के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए मुंबई स्थित आईआईएफएल फाउंडेशन को राजस्थान सरकार के प्रतिष्ठित भामाशाह पुरस्कार से सम्मानित किया गया। फाउंडेशन को यह सम्मान जयपुर में आयोजित समारोह में उप मुख्यमंत्री प्रेम चंद बैरवा तथा शिक्षा मंत्री मदन दिलावर द्वारा प्रदान किया गया। इस अवसर पर फाउंडेशन की संस्थापिका मधु जैन लोढा को यह पुरस्कार औपचारिक रूप से प्रदान किया गया। आईआईएफएल फाउंडेशन ने इस वर्ष राज्य के टॉप-5 भामाशाह पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं में स्थान हासिल किया है।

फाउंडेशन ने राजस्थान के विभिन्न जिलों में शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उदयपुर, सलूम्बर, सिरोही और बारां के सरकारी विद्यालयों में कक्षाओं का निर्माण, शौचालय, सोलर पैनल, स्मार्ट बोर्ड, कंप्यूटर, फर्नीचर, वॉटर कूलर, स्कूल बैग सहित अन्य शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं। इसके साथ ही बारां जिले में एक नए विद्यालय भवन का निर्माण कार्य भी जारी है।

सिरोही जिले के दुर्गम उतराज गाँव तक कई किलोमीटर पैदल चलकर सोलर पैनल और फर्नीचर पहुँचाने का कार्य भी फाउंडेशन की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। शिक्षा के क्षेत्र में किए गए इन व्यापक प्रयासों के चलते आईआईएफएल फाउंडेशन को राज्य के टॉप-5 भामाशाह सम्मानित संस्थानों में शामिल किया गया है।

यह सम्मान शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने के प्रति फाउंडेशन की सतत प्रतिबद्धता का प्रतीक माना जा रहा है, जो ग्रामीण एवं शहरी दोनों क्षेत्रों में शैक्षणिक विकास को नई दिशा प्रदान करता है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story