मेवाड़ भवन में महिला समागम: 800 बहनों ने रिश्ते निखारने और परिवार संवारने का लिया संकल्प
मुंबई के गोरेगांव स्थित मेवाड़ भवन में ‘रिश्ते निखारे, परिवार संवारे’ महिला समागम में करीब 800 बहनों ने भाग लिया। धैर्य मुनि म.सा. ने रिश्तों में सामंजस्य, प्रेम, सम्मान और संवाद का संदेश दिया।

तस्वीर में मुंबई के गोरेगांव स्थित मेवाड़ भवन में आयोजित महिला समागम के मंच पर उपप्रवर्तक विनय मुनि म.सा. उपस्थित महिलाओं के बीच प्रवचन देते हुए नजर आ रहे हैं।
मुंबई। गोरेगांव स्थित मेवाड़ भवन में चातुर्मास कर रहे उपप्रवर्तक विनय मुनि म.सा. एवं गौतम मुनि म.सा. ठाणा-5 के सानिध्य तथा मेवाड़ महिला मंडल की अध्यक्ष कंचन एल. सिंघवी एवं महामंत्री लीला खरवड़ के नेतृत्व में ‘रिश्ते निखारे, परिवार संवारे’ विषय पर महिला समागम आयोजित हुआ। समागम में मुंबई के विभिन्न क्षेत्रों से करीब 800 बहनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर धैर्य मुनि म.सा. ने कहा कि रिश्तों को संवारने का मूल आधार सामंजस्य है। परिवार का प्रत्येक सदस्य अपने आप में यूनिक होता है, इसलिए परिवार में सभी की भावनाओं एवं विचारों का सम्मान करते हुए आपसी सामंजस्य बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि रिश्तों को मजबूत बनाने के लिए अपेक्षा नहीं रखनी चाहिए और न ही किसी की उपेक्षा करनी चाहिए। परिवार के सभी सदस्यों के साथ प्रेमपूर्वक व्यवहार करना चाहिए, क्योंकि प्रेम में ही सबसे बड़ी ताकत है। आपसी विश्वास, सम्मान और सहयोग से परिवार में सुख-शांति एवं सौहार्द का वातावरण बनता है।
गौतम मुनि म.सा. एवं विनय मुनि म.सा. ने उपस्थित बहनों को आशीर्वाद प्रदान करते हुए मंगल पाठ कराया। कार्यक्रम का शुभारंभ रमाबाई एवं विक्रोली की मीनाक्षी मेहता, मोनिका बनवट, नीतु बोकड़िया, मधु मारू, गीता पोखरना एवं पूर्णिमा पोखरना द्वारा मंगलाचरण एवं स्वागत गीतिका की प्रस्तुति से हुआ।
मुंब्रा निवासी गायिका ममता चंडालिया ने परिवार एवं रिश्तों से संबंधित गीतों की प्रस्तुति दी। वहीं सांताक्रुज अध्यक्ष प्रीति पामेचा ने कविता प्रस्तुत की। इसके बाद भाईंदर उपमंडल की बहनों ने ‘रिश्ते निखारे, परिवार संवारे’ विषय पर आधारित सूक्ष्म एवं शिक्षाप्रद नाटिका प्रस्तुत की। नाटिका के माध्यम से परिवार में प्रेम, समझ, सामंजस्य एवं संवाद के महत्व को प्रभावी ढंग से दर्शाया गया। इसमें रेखा मेहता, केसर बंबोरी, नीमा कराड, पिंकी तलेसरा एवं उर्मिला पालरेचा ने शानदार अभिनय किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मेवाड़ संघ, मुंबई के अध्यक्ष भेरूलाल लोढ़ा, महामंत्री प्रकाश नाहर, कोषाध्यक्ष फुलचंद नाहर एवं दिनेश वडालमिया का सहयोग रहा। इस अवसर पर मेवाड़ संघ संरक्षक चतरलाल लाल लोढा, मुख्य अतिथि सुशीला बडाला, विनोद सूर्या, संरक्षिका हेमलता हिंगड़, प्रमुखा ललिता सोनी, कार्यकारी प्रमुखा लाजवंती वडाला, उपप्रमुख अंजना तातेड़, उपप्रमुख राजकुमारी बोहरा, कोषाध्यक्ष लीला सांखला, कन्या मंडल अध्यक्ष रिया सिंयाल, कोषाध्यक्ष हिनल बंबोरी सहित ममता बडाला, लक्ष्मी इटोदिया, मंजू सांखला, मीना चोरड़िया, कमला सियाल, लीला चौधरी, मनीषा लोढ़ा, हेमा लोढ़ा एवं मोनिका सिसोदिया की विशेष उपस्थिति रही।
समागम में परामर्श समिति, कमिटी मेंबर्स, स्वाध्याय समिति एवं वैयावच्च समिति के सदस्यों के साथ 34 उपमंडलों की अध्यक्ष, मंत्री एवं कोषाध्यक्ष बहनों की सहभागिता रही। कार्यक्रम का संचालन मेवाड़ महिला मंडल की अध्यक्ष कंचन एल. सिंघवी एवं महामंत्री लीला खरवड़ ने किया। यह जानकारी महामंत्री लीला खरवड़ एवं हेमा मांडोत ने दी।
समागम में रिश्तों में सामंजस्य, परिवार में प्रेम, संवाद, विश्वास, सम्मान और सहयोग के महत्व को विभिन्न प्रस्तुतियों और संदेशों के माध्यम से रेखांकित किया गया। करीब 800 बहनों की सहभागिता और 34 उपमंडलों की प्रतिनिधियों की मौजूदगी ने आयोजन को व्यापक स्वरूप प्रदान किया।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
