जैन समाज की सेवा और संस्कारों को राष्ट्रीय सम्मान, दर्शन सागर अवॉर्ड–2026 समारोह में कई विभूतियां सम्मानित
दर्शन सागर अवॉर्ड–2026 समारोह में समाजसेवा, जनकल्याण और मानवीय मूल्यों के लिए कई जैन समाज की विभूतियों को सम्मानित किया गया। राष्ट्रसंत आचार्य चंद्रानन सागर के सान्निध्य में आयोजित समारोह में प्रमुख हस्तियां शामिल हुईं।

तस्वीर में बाएं से दाएं, चार प्रतिष्ठित व्यक्ति समारोह के मंच पर खड़े नजर आ रहे हैं, जिनके सीने पर सम्मान का बिल्ला लगा हुआ है और पृष्ठभूमि में संतों के चित्र दिखाई दे रहे हैं।
मुंबई। समाजसेवा, जनकल्याण और मानवीय मूल्यों के प्रति उल्लेखनीय योगदान देने वाली जैन समाज की विभूतियों को राष्ट्रीय अलंकरण ‘दर्शन सागर अवॉर्ड–2026’ से सम्मानित किया गया। 30 सितंबर 2026 को राष्ट्रसंत आचार्य चंद्रानन सागर के सान्निध्य में आयोजित समारोह में राज्यसभा सांसद नीरज डांगी के हाथों सिल्वर किंग कांतिलाल मेहता, समाजसेवी डेवलपर प्रवीण कोठारी, गुरुभक्त मनोज जैन, उद्योगपति दिलीप चंदन एवं धर्मप्रेमी ठलियावाला को उनके सामाजिक एवं जनसेवा कार्यों के लिए दर्शन सागर अवॉर्ड–2026 प्रदान किया गया।
समाज के प्रति योगदान के लिए विधायक नरेंद्र मेहता को ‘दर्शन सागर जनगौरव सम्मान’ से सम्मानित किया गया। नाकोड़ा दर्शन धाम ट्रस्ट के चेयरमेन सुखराज नाहर की अगुवाई में दर्शन सागर अवॉर्ड समिति के प्रवीण शाह एवं निरंजन परिहार के सफल संयोजन में समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम में जस्टिस केके तातेड़ सहित ठाणे के तीन विधायक संजय केलकर, रवि फाटक एवं निरंजन डावखरे मंच पर मौजूद रहे। देश के विभिन्न जैन तीर्थों, ट्रस्टों एवं संस्थाओं के पदाधिकारी भी समारोह में विशेष रूप से उपस्थित रहे।
समारोह के मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद नीरज डांगी ने सम्मानित व्यक्तित्वों के सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि समाज की प्रगति केवल आर्थिक विकास से नहीं, बल्कि सेवा, संस्कार और परोपकार की भावना से भी सुनिश्चित होती है और जैन समाज इस दिशा में सबसे आगे है।
राष्ट्रसंत आचार्य चंद्रानन सागर के महामांगलिक व्याख्यान से समारोह में आध्यात्मिक एवं प्रेरणादायी वातावरण बना। आशीर्वचन में उन्होंने सेवा को जीवन का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए समाज के सक्षम वर्ग से जरूरतमंदों के उत्थान और सामाजिक सरोकारों के लिए निरंतर कार्य करने का आह्वान किया।
श्री नाकोड़ा दर्शन धाम ट्रस्ट के चेयरमेन सुखराज नाहर ने कहा कि अपने कार्यों के माध्यम से समाज में सकारात्मक योगदान देने का प्रयास करने वाले व्यक्तित्वों का यह सम्मान आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्तंभ है। विधायक नरेंद्र मेहता ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के जैन अलंकरण ‘दर्शन सागर अवॉर्ड’ समारोह ने सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान को पहचान देने और नई पीढ़ी को सेवा एवं संस्कारों की दिशा में प्रेरित करने की अपनी परंपरा को आगे बढ़ाया।
विख्यात जैन संत गच्छाधिपति दर्शन सागर सूरीश्वर महाराज की 33वीं पुण्यतिथि पर आयोजित यह 20वां दर्शन सागर अवॉर्ड समारोह था। इसमें सम्मानित विभूतियों के सामाजिक जीवन और सेवा कार्यों को भी विशिष्ट रूप से रेखांकित किया गया। कार्यक्रम के लाभार्थी प्रवीण कुमार पूनमचंद ओसवाल थे।
समारोह में समाज के गणमान्य नागरिक, उद्योगपति, समाजसेवी, धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। महिलाएं भी बहुत बड़ी संख्या में शामिल हुईं। आयोजन केवल सम्मान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि समाजसेवा, मानवीय संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व के मूल्यों को आगे बढ़ाने का संदेश भी दिया।
श्री नाकोड़ा दर्शन धाम ट्रस्ट के चेयरमेन सुखराज नाहर, दर्शन सागर अवॉर्ड समिति के प्रवीण शाह एवं निरंजन परिहार सहित ठाणे जैन संघ ने आयोजन की सफलता में सहभागी सभी सहयोगियों तथा समारोह में पधारे सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Seema Pareek
सीमा पारीक मुंबई आधारित पत्रकार हैं जो अपने गहन शोध और सटीक रिपोर्टिंग के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने समाज, राजनीति और स्थानीय खबरों पर कई महत्वपूर्ण लेख तैयार किए हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक और भरोसेमंद जानकारी पहुँचाना है, ताकि वे घटनाओं की पूरी तस्वीर समझ सकें। सीमा की रिपोर्टिंग में निष्पक्षता, तथ्यात्मकता और गहराई का विशेष ध्यान रखा जाता है।
