भायंदर: राजस्थानी जन-जागरण सेवा संस्था का 26वां गणगौर महोत्सव संपन्न
कृष्णा बैंक्विट हॉल में आयोजित उत्सव में महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में शिव-पार्वती की पूजा की और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।

भायंदर के कृष्णा बैंक्विट हॉल में आयोजित 26वें गणगौर महोत्सव के दौरान पारंपरिक वेशभूषा में उपस्थित महिलाएं और आयोजन समिति के सदस्य।
भायंदर पश्चिम स्थित कृष्णा बैंक्विट हॉल में राजस्थानी जन-जागरण सेवा संस्था द्वारा आयोजित गणगौर महोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर राजस्थानी संस्कृति की अनूठी छटा देखने को मिली, जहाँ समाज की महिलाओं और युवतियों ने पारंपरिक उत्साह के साथ शिरकत की।
उत्सव की महत्ता और पूजन परंपरा
संस्था के अध्यक्ष गजेंद्र भंडारी ने बताया कि "26 वें गणगौर महोत्सव में महिलाओं ने बहुत धमाल किया।" कार्यक्रम में महिलाएँ पारंपरिक वेशभूषा में पूरी तरह सज-धज कर सम्मिलित हुईं। गणगौर महोत्सव में महिलायें अपने पति के मंगलमय जीवन और लड़कियाँ अच्छे पति के लिये शिव-पार्वती के रूप में गणगौर इशर की पूजा करती हैं। उल्लेखनीय है कि यह त्योहार होली के दिन से शुरू होकर चैत्र मास की तृतीया तिथि तक भक्तिभाव से मनाया जाता है।
सांस्कृतिक कार्यक्रम और पुरस्कार वितरण
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के उत्साहवर्धन हेतु विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें सर्वश्रेष्ठ ड्रेस और सर्वश्रेष्ठ गणगौर आदि श्रेणियों के लिए महिलाओं को पारितोषिक प्रदान कर सम्मानित किया गया। मिनी राजस्थान एवं धार्मिक नगरी के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान रखने वाले भायंदर शहर में राजस्थानी गायिका सुधा शर्मा ने अपनी मधुर आवाज में गीतों की प्रस्तुति दी, जिन पर महिलाओं ने जमकर मस्ती की और नृत्य का आनंद लिया।
सामाजिक योगदान और आभार प्रदर्शन
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में प्रदीप अग्रवाल, ओमप्रकाश कावड़िया, डॉ. श्याम सुंदर शर्मा, सुभाष चूड़ीवाल, मनोज पंचलंगिया, सुमन कोठारी, निरूपा दवे, मोनिका सोनी, कोमल अग्रवाल, किम दोशी, पूजा सोनी, सारिका शर्मा और कुसुम शर्मा आदि का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के अंत में ओमप्रकाश कावड़िया ने संस्था के द्वारा किए जा रहे धार्मिक, सामाजिक एवं सेवा के कार्यों से लोगों को अवगत कराया और सबका आभार व्यक्त किया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
