मुंबई। महिलाओं के हुनर और प्रतिभा को नई पहचान देने के उद्देश्य से भारत जैन महामंडल के माध्यम से बिजनेस कनेक्ट बिजनेस नेटवर्क प्रोजेक्ट की शुरुआत की गई। भारत जैन महामंडल के अध्यक्ष ख्यालीलाल तातेड की अध्यक्षता एवं महिला विभाग की अध्यक्षा सीए श्रीमती तरुणा बोहरा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम कालाघोड़ा स्थित नेशनल गैलरी ऑफ मॉडर्न आर्ट ऑडिटोरियम में हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर किया। इसके बाद सुश्री यति सांखला ने नमस्कार महामंत्र की प्रस्तुति दी।

महिला विभाग की अध्यक्षा श्रीमती तरुणा बोहरा ने बिजनेस कनेक्ट परियोजना की विस्तृत जानकारी देते हुए इसे समाज उपयोगी पहल बताया। महामंडल अध्यक्ष ख्यालीलाल तातेड ने महिला विभाग द्वारा संचालित बिजनेस कनेक्ट के विशाल स्वरूप और उद्देश्य की सराहना की। उन्होंने महिलाओं के श्रम और समर्पण की प्रशंसा करते हुए प्रोजेक्ट के निरंतर विकास एवं सफलता की मंगलकामना व्यक्त की।

इस पहल में आईएस अधिकारी श्रीमती निधि चौधरी का विशेष सहयोग एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। उन्होंने व्यवसायिक नेटवर्किंग से जुड़े महत्वपूर्ण एवं व्यावहारिक सुझाव साझा किए। साथ ही महिलाओं को व्यवसाय के क्षेत्र में आगे बढ़ने, अपना नेटवर्क मजबूत करने और अपनी अलग पहचान बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने व्यवसाय के क्षेत्र में सरकार के नीति-नियमों का पालन करने की आवश्यकता पर भी प्रकाश डाला।

महामंडल मंत्री बाबूलाल बाफना ने बिजनेस कनेक्ट की इस परिकल्पना की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं की विशेष क्षमताओं को पहचान देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनने और अपने व्यवसाय का विस्तार करने के लिए एक-दूसरे से जुड़कर आगे बढ़ने का यह सशक्त मंच है। उन्होंने इस पहल को महिलाओं के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।

कार्यक्रम में रूपेश जैन, श्रीमती वंदना जैन, प्रोजेक्ट की समन्वयक श्रीमती शीतल सांखला और साक्षी मेहता ने अपने अनुभव साझा किए। मंत्री श्रीमती आशा बड़ाला ने आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर सीसी डांगी, के.सी. जैन, देवेंद्र डागलिया, निकिता तातेड, कुमुद कच्छारा, राजकुमारी बोहरा, सुमन चपलोत, संगीता कासलीवाल तथा बिजनेस कनेक्ट की कोर कमेटी की सदस्य श्रीमती पिंकी सांखला, लतिका डागलिया, सपना वडालमिया, विद्या बड़ाला, रेखा चोरड़िया, वैशाली चपलोत, रेखा मेहता, रेशमा दुग्गड़, अनिता सिंयाल और सीमा सिंघवी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती डिंपल लोढ़ा ने किया।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story