वसई ईस्ट। शांति नगर में जन जीवन आधार सेवा फाउंडेशन द्वारा सनातन धर्म के प्रति जागरूकता और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के लिए एक भव्य संत धर्म यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत जय श्री राम के उद्घोष से हुई और पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में गूंज उठा।

कार्यक्रम स्थल पर 500 से 600 लोगों की उपस्थिति रही, जहां तुलसी पूजन विधि विधान से संपन्न हुआ और 300 से अधिक तुलसी के पौधे निशुल्क वितरित किए गए। इसके अतिरिक्त, हनुमान भक्ति को प्रोत्साहित करने हेतु सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया गया और सभी उपस्थित लोगों को निशुल्क हनुमान चालीसा भी प्रदान की गई।

विशेष रूप से, वरिष्ठ महिला, पुरुष और बच्चों के साथ ही सामाजिक एवं राजनैतिक संगठनों के प्रतिनिधियों को राम नाम के दुपट्टे से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महान संत पुज्य कौशिक महाराज ने अपने ओजस्वी प्रवचन से उपस्थित जनमानस को आध्यात्मिक संदेश दिया और सामाजिक एकता एवं धर्मप्रेम का संदेश साझा किया।

युवा सामाजिक कार्यकर्ता आशुतोष पांडे भी कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर महाभंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें 3000 से अधिक लोगों ने महाप्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम के व्यवस्थापक एवं संस्थापक अध्यक्ष रमेशचंद्र मौर्य ने समस्त नगरवासियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और सनातन हिंदू समाज के परिवारजनों का आभार व्यक्त किया।

यह आयोजन न केवल धार्मिक और आध्यात्मिक गतिविधियों का केंद्र रहा, बल्कि सामाजिक और पर्यावरणीय जागरूकता को भी बढ़ावा देने वाला महत्वपूर्ण प्रयास माना गया।

Seema Pareek

Seema Pareek

सीमा पारीक मुंबई आधारित पत्रकार हैं जो अपने गहन शोध और सटीक रिपोर्टिंग के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने समाज, राजनीति और स्थानीय खबरों पर कई महत्वपूर्ण लेख तैयार किए हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक और भरोसेमंद जानकारी पहुँचाना है, ताकि वे घटनाओं की पूरी तस्वीर समझ सकें। सीमा की रिपोर्टिंग में निष्पक्षता, तथ्यात्मकता और गहराई का विशेष ध्यान रखा जाता है।

Next Story