श्रमण संघ के भावी अनुशास्ता युवाचार्य श्री महेंद्र ऋषि जी आदि साधु-साध्वी मंडल का गुरुवार को देशभर से आए भक्तों की उपस्थिति में राजस्थान की सीमा में प्रवेश हुआ, जहाँ से उनका निम्बाहेड़ा में जयकारों की गूंज के बीच मंगल प्रवेश कराया गया। यह भव्य आगमन दिवाकर भवन में संपन्न हुआ, जहाँ प्रवेश से पूर्व उन्होंने उदयपुर रोड स्थित श्री जैन दिवाकर कमला सर्कल पर मुनि चौथमल के चित्र को वंदन कर उनके अमूल्य योगदान का स्मरण किया।

दिवाकर भवन के सभागार में आयोजित धर्मसभा को संबोधित करते हुए युवाचार्य महेंद्र ऋषि ने कहा कि श्रमण संघ एक विशाल संघ है, जिसकी एकता और अखंडता के लिए पूर्ववर्ती संतों ने अनेक अनुकरणीय कार्य किए हैं। उन्होंने उल्लेख किया कि जैन दिवाकर गुरुदेव ने संघ की एकता के लिए अपने सम्प्रदाय तक का विलेख कर दिया था तथा उनके गुरुवर श्री आनन्द ऋषि जी को आचार्य बनाया गया था। उन्होंने कहा कि इन बलिदानों को सदैव स्मरण रखना चाहिए क्योंकि अनेक ऋषि-मुनियों की देन से यह संघ आज विशाल वटवृक्ष के रूप में स्थापित है और इसकी एकता बनाए रखने के लिए सभी को एकजुट रहना होगा।

उप प्रवर्तक कोमल मुनि ने अपने उद्बोधन में कहा कि गुरु के प्रति समर्पण और भक्ति का उदाहरण देखना हो तो निम्बाहेड़ा श्रीसंघ को देखा जा सकता है, जहाँ प्रत्येक कार्य गुरु दिवाकर के नाम से आरंभ होता है। कार्यक्रम में हितेंद्र ऋषि ने मंगलाचरण की शुरुआत की।

इस अवसर पर साध्वी मंजूल ज्योति, साध्वी दिव्य ज्योति तथा साध्वी शीतल जी मसा. ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन श्री जैन दिवाकर युवक परिषद अध्यक्ष अर्पित सिंघवी द्वारा किया गया। संघ संरक्षक कमलेश ढेलावत ने बाहर से आए अतिथियों का शाब्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया।

धर्मसभा में चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, जयपुर, उदयपुर, नाथद्वारा, फतेहनगर, भादसौदा, कपासन, रेलमगरा, मुंबई, नीमच, मंदसौर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। अंत में संघ अध्यक्ष प्रवीण बोहरा ने आभार व्यक्त किया। यह आयोजन श्रमण संघ की परंपरा, एकता और आध्यात्मिक शक्ति का सशक्त संदेश देकर संपन्न हुआ।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story