युवा शक्ति विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत: बड़ीसादड़ी के युवा संवाद में मंत्री गौतम दक का आह्वान
बड़ीसादड़ी के युवा संवाद कार्यक्रम में सहकारिता मंत्री गौतम दक ने युवाओं से राष्ट्र निर्माण और पंचायती राज चुनावों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

तस्वीर में मंच पर बैठे अतिथि नजर आ रहे हैं, जिनमें केंद्र में सहकारिता मंत्री गौतम दक हाथ में कागजात थामे और माइक से बोलते हुए दिख रहे हैं। उनके पीछे 'युवा संवाद' कार्यक्रम का बड़ा बैनर लगा हुआ है।
बड़ीसादड़ी के श्री महावीर माँ एलवा गौशाला परिसर में भारतीय जनता पार्टी के निकुंभ मंडल, बड़ीसादड़ी ग्रामीण मंडल एवं बड़ीसादड़ी नगर मंडल के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को भव्य "युवा संवाद" कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में तीनों मंडलों के सैकड़ों युवा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजस्थान सरकार के सहकारिता मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक गौतम दक ने कहा कि आज भारत का युवा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व तथा राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में नए भारत के निर्माण का सहभागी बन रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं के सपनों को साकार करने और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। अब युवाओं की भी जिम्मेदारी है कि वे राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
गौतम दक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लाल किले की प्राचीर से राजनीति में एक लाख नए युवाओं को जोड़ने का जो आह्वान किया गया है, उसे सफल बनाने के लिए प्रत्येक युवा को राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियों से जुड़कर जनसेवा का संकल्प लेना चाहिए।
उन्होंने कहा कि बड़ीसादड़ी विधानसभा क्षेत्र में राज्य सरकार द्वारा अनेक विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इन कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने और क्षेत्र के विकास को गति देने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। यदि युवा कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करेंगे तो क्षेत्र, प्रदेश और देश नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
सहकारिता मंत्री गौतम दक ने आगामी पंचायती राज चुनावों में युवाओं से बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने का आह्वान करते हुए योग्य, कर्मठ एवं युवा नेतृत्व को आगे लाने का संकल्प दिलाया। उन्होंने सभी युवा कार्यकर्ताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ भी दिलाई।
कार्यक्रम की प्रस्तावना एवं उद्देश्य की जानकारी कार्यक्रम संयोजक पहलवान सालवी ने दी। सह-संयोजक श्यामलाल गुर्जर ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं एवं आयोजन की रूपरेखा से सभी को अवगत कराया।
इस अवसर पर निकुंभ मंडल अध्यक्ष मांगीलाल जनवा, बड़ीसादड़ी ग्रामीण मंडल अध्यक्ष तुलसीराम शर्मा, बड़ीसादड़ी नगर मंडल अध्यक्ष धनपाल मेहता, मंडल महामंत्री पीयूष सोनी, बाबूलाल गायरी सहित तीनों मंडलों के युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Pradeep Vaishnav, Chittorgarh
नाम: प्रदीप वैष्णव
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: बड़ी सादड़ी तहसील
अनुभव: 26 साल (सन 2000 से 'प्रातःकाल' के साथ कार्यरत)
परिचय
प्रदीप वैष्णव बड़ी सादड़ी तहसील क्षेत्र के एक अनुभवी पत्रकार हैं। वह स्थानीय समाचारों, सामाजिक गतिविधियों, शिक्षा और क्राइम रिपोर्टिंग के क्षेत्रों में मुख्य रूप से सक्रिय हैं। वह सामाजिक, शैक्षणिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़े विषयों में विशेष रुचि रखते हैं। तथ्यात्मक और सरल रिपोर्टिंग को प्राथमिकता देना तथा जनहित से संबंधित विषयों को निष्पक्ष रूप से प्रस्तुत करना उनकी कार्यशैली का हिस्सा है।
बीट और विशेषज्ञता
- स्थानीय समाचार: बड़ी सादड़ी तहसील और आसपास के क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय व सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग।
- क्राइम: क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, पुलिस कार्रवाई और अपराध से जुड़े मामलों की कवरेज।
- शिक्षा: शैक्षणिक गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े विषय और शिक्षा संबंधी समाचार।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
B.A. जर्नलिज्म (पत्रकारिता में स्नातक)
