चित्तौड़गढ़। श्री कल्लाजी वैदिक विश्वविद्यालय, जावदा, निम्बाहेड़ा (राजस्थान) एवं भारतीय दार्शनिक अनुसंधान परिषद, नई दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में विश्वविद्यालय के योग विभाग द्वारा शुक्रवार को विश्वविद्यालय सभागार में “वर्तमान वैश्विक युद्ध परिस्थितियों में योग की प्रासंगिकता: दार्शनिक विमर्श, मानसिक स्वास्थ्य एवं वैश्विक शांति की संभावना” विषय पर एक दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार का आयोजन किया गया। देशभर के विद्वानों, शोधार्थियों एवं शिक्षाविदों की सहभागिता से आयोजित इस सेमिनार में योग, भारतीय दर्शन और विश्व शांति जैसे समसामयिक विषयों पर गंभीर एवं सार्थक मंथन किया गया।

सेमिनार के मुख्य अतिथि स्वामी सुदर्शनाचार्य महाराज रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के चेयरपर्सन कैलाशचंद्र मून्दड़ा ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री कल्लाजी महाराज एवं माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।

कार्यक्रम के प्रारंभ में विश्वविद्यालय की संकायाध्यक्ष डॉ. स्मिता शर्मा ने स्वागत उद्बोधन देते हुए सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया। इसके बाद सेमिनार संयोजक डॉ. सौरभ जोशी ने विषय प्रवर्तन करते हुए वर्तमान वैश्विक परिदृश्य में योग की उपयोगिता तथा भारतीय दर्शन की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। विश्वविद्यालय की छात्रा लक्ष्मी एवं सरला ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम को आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक गरिमा प्रदान की।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के चेयरपर्सन कैलाशचंद्र मून्दड़ा ने मुख्य अतिथि स्वामी सुदर्शनाचार्यजी महाराज का भगवान श्रीराम की दिव्य प्रतिमा एवं ‘चित्तौड़ फाइल्स’ पुस्तक भेंट कर सम्मान किया। विश्वविद्यालय के पीएच.डी. शोधार्थी मंगलाराम ने अपने शोधपत्र का प्रभावशाली वाचन भी किया।

सेमिनार में सारस्वत वक्ता के रूप में प्रो. ओमनारायण तिवारी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े। उन्होंने अपने व्याख्यान में कहा कि भारतीय दर्शन और योग केवल आध्यात्मिक साधना के विषय नहीं हैं, बल्कि वर्तमान विश्व की जटिल समस्याओं के समाधान का प्रभावी आधार भी हैं। उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य, सामाजिक समरसता एवं वैश्विक शांति की स्थापना में योग की निर्णायक भूमिका पर विस्तार से विचार व्यक्त किए।

अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में स्वामी सुदर्शनाचार्यजी महाराज ने कहा कि आज जब सम्पूर्ण विश्व हिंसा, तनाव, युद्ध और मानसिक असंतुलन जैसी गंभीर चुनौतियों से जूझ रहा है, तब भारतीय योग दर्शन सम्पूर्ण मानवता के लिए आशा का प्रकाश बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने की पद्धति नहीं, बल्कि मन, बुद्धि और आत्मा के समन्वय का दिव्य विज्ञान है, जो विश्व में शांति, सद्भाव और मानवीय मूल्यों की पुनर्स्थापना का मार्ग प्रशस्त करता है।

स्वामी सुदर्शनाचार्यजी महाराज ने विशेष रूप से श्री कल्लाजी वैदिक विश्वविद्यालय द्वारा वैदिक शिक्षा, भारतीय संस्कृति एवं सनातन ज्ञान परंपरा के संरक्षण और संवर्धन के लिए किए जा रहे कार्यों की मुक्तकंठ से सराहना की।

कार्यक्रम में सहायक आचार्य डॉ. सुनील कुमार शर्मा, डॉ. राहुल प्रसाद सती, डॉ. रचना शर्मा, डॉ. अभिषेक भण्डारी, डॉ. नटवर भाम्बी, आकाश टांक, मेघा मंत्री, कुसुम गुर्जर, नितिन गिल, हेमंत मेघवाल, देवेन्द्र जैन और अर्पित चौधरी सहित विश्वविद्यालय के अनेक प्राध्यापक, शोधार्थी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। सेमिनार में योग, भारतीय दर्शन और वैश्विक शांति के विषय पर हुए विचार-विमर्श ने समकालीन परिस्थितियों में इन विषयों की प्रासंगिकता को रेखांकित किया।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story