विश्व मलेरिया दिवस: स्वास्थ्य भवन में जागरूकता कार्यक्रम और शपथ ग्रहण आयोजित
सीएमएचओ डॉ. ताराचन्द गुप्ता की अध्यक्षता में मलेरिया उन्मूलन के लिए अंतर्विभागीय समन्वय और स्वच्छता पर जोर दिया गया।

विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मलेरिया उन्मूलन की शपथ लेते एएनएमटीसी और जीएनएमटीसी के छात्र-छात्राएं।
विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर शनिवार को जिला मुख्यालय स्थित स्वास्थ्य भवन में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ताराचन्द गुप्ता की अध्यक्षता में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां मलेरिया उन्मूलन को लेकर सामूहिक प्रयासों और जनजागरूकता पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएमएचओ डॉ. गुप्ता ने बताया कि इस वर्ष 25 अप्रैल को विश्व मलेरिया दिवस की थीम “Driven to End Malaria: Now We Can. Now We Must.” निर्धारित की गई है, जो मलेरिया के उन्मूलन के लिए साझा जिम्मेदारी की भावना को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि अंतर्विभागीय समन्वय स्थापित कर इस थीम के अनुरूप नए और नवाचारी तरीकों को अपनाने की आवश्यकता है, ताकि मलेरिया उन्मूलन के प्रयासों को गति मिल सके।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मलेरिया एक जानलेवा बीमारी है, जो मादा एनाफिलिस मच्छर के काटने से फैलती है। जहां गंदगी और गंदा पानी जमा रहता है, वहां इस प्रकार के मच्छरों का प्रकोप बढ़ता है और आसपास रहने वाले लोग इसके कारण मलेरिया से ग्रसित हो जाते हैं। इसलिए आवश्यक है कि आमजन अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखें और दूसरों को भी जागरूक करें, ताकि इस बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुनित कुमार तिवारी ने बताया कि जनसमुदाय की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए समुदाय स्तर पर मलेरिया से बचाव एवं रोकथाम हेतु प्रभावी आईईसी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि आगे भी लार्वा प्रदर्शन, ऑडियो-वीडियो माध्यमों सहित विभिन्न तरीकों से आमजन को जागरूक कर मलेरिया उन्मूलन की दिशा में सकारात्मक प्रयास जारी रखे जाएंगे।
इसी क्रम में एएनएमटीसी एवं जीएनएमटीसी में विश्व मलेरिया दिवस पर विचार गोष्ठी का आयोजन प्राचार्य राकेश जीनगर की अध्यक्षता में किया गया, जिसमें रोग के लक्षण, उपचार और नियंत्रण के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी गई। अनील जॉर्ज के निर्देशन में छात्राओं द्वारा निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं।
इसके अतिरिक्त, ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर जिला प्रशासन द्वारा विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन कर आमजन को मलेरिया की रोकथाम, बचाव, उपचार एवं नियंत्रण के उपायों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में अनिल जार्ज, राकेश जीनगर, खुशवन्त कुमार हिण्डोनिया, कमलेश धाकड़ सहित एएनएमटीसी और जीएनएमटीसी के छात्र-छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
मलेरिया उन्मूलन की दिशा में यह अभियान न केवल स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों को रेखांकित करता है, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी को भी स्पष्ट करता है, जहां जनजागरूकता और स्वच्छता ही इस बीमारी के खिलाफ सबसे प्रभावी हथियार बनकर उभरते हैं।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
