निंबाहेड़ा। राजस्थान के खनन और औद्योगिक क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में वंडर सीमेंट ने 36वें खान पर्यावरण एवं खनिज संरक्षण सप्ताह में ओवरऑल द्वितीय पुरस्कार हासिल कर अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई है। यह सम्मान भारतीय खान ब्यूरो, अजमेर क्षेत्र के तत्वावधान में आयोजित भव्य पुरस्कार वितरण समारोह में प्रदान किया गया, जो जोधपुर में संपन्न हुआ। समारोह में देशभर के खनिज और खनन क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों, अधिकारियों और उद्योग प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के दौरान कंट्रोलर जनरल पंकज कुलश्रेष्ठ ने वंडर सीमेंट के यूनिट हेड नितिन जैन को ओवरऑल द्वितीय पुरस्कार से सम्मानित किया। इस अवसर पर नितिन जैन ने अपने संबोधन में माइन डिजिटाइजेशन के महत्व पर विशेष जोर दिया और भविष्य में खनिज संसाधनों की भूमिका तथा आधुनिक तकनीक के उपयोग को विस्तार से रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि किस प्रकार डिजिटाइजेशन खनन क्षेत्र को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और पर्यावरण के अनुकूल बनाने में अहम भूमिका निभा सकता है।

समारोह को संबोधित करते हुए कंट्रोलर जनरल पंकज कुलश्रेष्ठ ने देशभर के खनिज क्षेत्र से जुड़ी अद्यतन जानकारियां साझा कीं और भारतीय खान ब्यूरो द्वारा किए जा रहे नवाचारों से सभी को अवगत कराया। उन्होंने खनिज संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और तकनीकी उन्नयन को वर्तमान समय की प्रमुख आवश्यकता बताया।

यह कार्यक्रम कंट्रोलर जनरल पंकज कुलश्रेष्ठ के मुख्य आतिथ्य में तथा कंट्रोलर माइंस अभय अग्रवाल, रीजनल कंट्रोलर माइंस चंद्रेश बोहरा और वंडर सीमेंट के यूनिट हेड नितिन जैन के विशिष्ट आतिथ्य में आयोजित हुआ। समारोह के दौरान एक और महत्वपूर्ण क्षण तब आया, जब 37वें खान पर्यावरण एवं खनिज संरक्षण सप्ताह की मेज़बानी वंडर सीमेंट को सौंपने की औपचारिक घोषणा की गई। इस अवसर पर अंबुजा सीमेंट के मैन्युफैक्चरिंग हेड चेतन रावल ने वंडर सीमेंट के यूनिट हेड नितिन जैन के नेतृत्व में सहायक उपाध्यक्ष (माइन्स) ओ. पी. राजपुरोहित को प्रतीकात्मक ध्वज सौंपा।

समारोह के पश्चात नितिन जैन ने समस्त अतिथियों का वंडर सीमेंट द्वारा माइन डिजिटाइजेशन ‘माइन एज’ थीम पर आयोजित प्रदर्शनी में स्वागत किया और उन्हें इसका अवलोकन भी करवाया। लाइव प्रेजेंटेशन के माध्यम से वंडर सीमेंट में संचालित माइन डिजिटाइजेशन ‘माइन एज’ के विभिन्न कार्यों और तकनीकी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी साझा की गई। अवलोकन के बाद अतिथियों ने खान पर्यावरण एवं खनिज संरक्षण की दिशा में कंपनी द्वारा किए जा रहे नवाचारों और प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम में वंडर सीमेंट के महाप्रबंधक (माइन्स) राजू जैन, महाप्रबंधक (माइन्स) गिरीश श्रृंगी सहित कंपनी के अनेक वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। यह उपलब्धि न केवल वंडर सीमेंट के लिए गर्व का विषय है, बल्कि खनन क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण और तकनीकी नवाचार की दिशा में एक प्रेरक उदाहरण के रूप में भी देखी जा रही है।

Next Story