वंडर सीमेंट के वृक्ष रथ से स्कूल और गौशाला में सघन पौधारोपण, त्रिवेणी स्थापना
निंबाहेड़ा के बडोली माधोसिंह में वृक्ष रथ से पौधे वितरित कर स्कूल और गौशाला में सघन पौधारोपण व बरगद-नीम-पीपल की त्रिवेणी स्थापित की गई।

तस्वीर में बडोली माधोसिंह स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के परिसर में विद्यार्थी और शिक्षक हाथों में पौधे लिए हुए नजर आ रहे हैं।
निंबाहेड़ा क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से वंडर सीमेंट प्रबंधन के निदेशक एवं पर्यावरण प्रेमी नितिन जैन द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किए गए वृक्ष रथ के माध्यम से स्कूलों और गौशालाओं में निशुल्क पौधों का वितरण किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को बडोली माधोसिंह स्थित श्रीबालाजी गौशाला एवं राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में विभिन्न प्रजातियों के पौधे वितरित किए गए।
वृक्ष रथ के माध्यम से नीम, पीपल, बरगद, आंवला, करंज, बेलपत्र, अमलतास और मीठा नीम सहित अन्य पौधे उपलब्ध कराए गए। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बडोली माधोसिंह के प्रधानाचार्य रवीन्द्र कुमार उपाध्याय ने बताया कि वंडर सीमेंट प्रबंधन से प्राप्त निशुल्क पौधों से श्रीबालाजी गौशाला और विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने बरगद, नीम और पीपल की त्रिवेणी स्थापित की। इसके साथ ही सघन पौधारोपण अभियान को सफल बनाया गया।
इस अवसर पर कक्षा अध्यापकों ने विद्यार्थियों के साथ सामूहिक रूप से पौधारोपण किया और ट्री गार्ड के माध्यम से लगाए गए पौधों की सुरक्षा एवं संरक्षा का संकल्प लिया।
पौधारोपण कार्यक्रम में विद्यालय की उपाचार्य प्रियंका, व्याख्याता जयसिंह मीणा, रामेश्वर लाल मेघवाल, गुंजन जैन, आसिफ मंसूरी, ज्योति साहू, संध्या शर्मा, पूजा सोनी, सुधा पाठक, ज्योति शर्मा, ओमप्रकाश मेघवाल, मदन लाल धाकड़, मदनलाल बलाई, रामेश्वर लाल धाकड़, मस्तराम मीणा, बृजेश मीणा आदि ने पौधारोपण किया।
इस अवसर पर श्रीबालाजी गौशाला के पदाधिकारियों ने वंडर सीमेंट प्रबंध निदेशक नितिन जैन का हृदय से आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने श्रीबालाजी गौशाला में गायों के लिए टीन शेड, ट्री गार्ड तथा बीमार गायों की सेवा-सुश्रूषा की सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। वृक्ष रथ के माध्यम से स्कूल और गौशाला परिसर में पौधारोपण तथा त्रिवेणी स्थापना से क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण के प्रयास को आगे बढ़ाया गया।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
