वंडर सीमेंट को मिला 'शिक्षा विभूषण' सम्मान, भामाशाह समारोह में मिली बड़ी पहचान
राजस्थान सरकार ने स्कूलों के बुनियादी विकास और शैक्षणिक सुदृढ़ीकरण के लिए वंडर सीमेंट लिमिटेड को राज्य स्तरीय सर्वोच्च सम्मान से नवाजा।

तस्वीर में (बाएं से दाएं) शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेम चंद्र बैरवा, वंडर सीमेंट के महाप्रबंधक प्रवीण मिश्रा और वरिष्ठ अधिकारी राहुल व्यास जयपुर में आयोजित समारोह में मंच पर फ्रेम किया हुआ प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार लेते हुए नजर आ रहे हैं।
वंडर सीमेंट लिमिटेड, आर.के. नगर, निम्बाहेड़ा को शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण योगदान तथा राजकीय विद्यालयों के आधारभूत विकास हेतु किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए राजस्थान सरकार द्वारा जयपुर में आयोजित ‘30वें राज्य स्तरीय भामाशाह सम्मान समारोह-2026’ में शिक्षा क्षेत्र के सर्वोच्च सम्मान ‘शिक्षा विभूषण’ से सम्मानित किया गया।
वर्ष 2025-26 में कंपनी द्वारा राजकीय विद्यालयों के भौतिक एवं शैक्षणिक वातावरण को सुदृढ़ करने हेतु किए गए कार्यों के तहत कुल 3.97 करोड़ रुपये की राशि से विभिन्न विकास परियोजनाएं संपन्न की गईं। इन्हीं उल्लेखनीय प्रयासों के आधार पर वंडर सीमेंट लिमिटेड को यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया।
समारोह में उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेम चंद्र बैरवा, शिक्षा मंत्री राजस्थान सरकार श्री मदन दिलावर, निदेशक प्रारम्भिक शिक्षा एवं पंचायती राज विभाग राजस्थान सरकार श्री सीताराम जाट तथा अतिरिक्त मुख्य सचिव शिक्षा विभाग श्री राजेश कुमार यादव द्वारा वंडर सीमेंट लिमिटेड के महाप्रबंधक (ब्रांडिंग) श्री प्रवीण मिश्रा एवं वरिष्ठ अधिकारी (सीएसआर) श्री राहुल व्यास को ‘शिक्षा विभूषण’ सम्मान प्रदान किया गया।
इस अवसर पर वंडर सीमेंट लिमिटेड के यूनिट हेड श्री नितिन जैन ने कहा कि आर.के. मार्बल समूह की तरह कंपनी की प्राथमिकता राजकीय विद्यालयों का आधारभूत विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देना है। वर्ष 2025-26 में ‘नीव इनिशिएटिव’ के अंतर्गत परियोजना क्षेत्र के आसपास स्थित राजकीय विद्यालयों में नवीनीकरण कार्य, कक्षा-कक्ष एवं बरामदों का निर्माण, इंटरएक्टिव फ्लैट पैनल की स्थापना, कंप्यूटर लैब निर्माण, प्रार्थना स्थल, मंच, शौचालय इकाइयों एवं स्वागत द्वार का निर्माण तथा विद्यार्थियों के लिए फर्नीचर की व्यवस्था जैसी अनेक गतिविधियां संपन्न की गईं।
इसके साथ ही वंडर सीमेंट रूरल डेवलपमेंट सेंटर के माध्यम से कक्षा 8वीं से 12वीं तक के राजकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को निःशुल्क कोचिंग एवं आवश्यक शैक्षणिक सामग्री भी उपलब्ध कराई जा रही है।
उल्लेखनीय है कि शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए वंडर सीमेंट लिमिटेड को अब तक 11वीं बार राज्य स्तरीय भामाशाह सम्मान प्राप्त हुआ है, जिनमें लगातार पाँच बार ‘शिक्षा विभूषण’ का सर्वोच्च सम्मान शामिल है।
समारोह में कंपनी की अनुशंसा पर प्रेरक सम्मान भी प्रदान किए गए, जिनमें श्री प्रमोद जी दशोरा (एडीपीसी, चित्तौड़गढ़), श्री महेश कुमार शर्मा (अध्यापक, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, बरखेड़ा), श्री हरीश तानान (प्रधानाचार्य, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, ढोरिया), श्रीमती सीमा यादव (शारीरिक शिक्षक, राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, ढोरिया) तथा श्री सुरेश कुमावत (अध्यापक, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, बांसा) शामिल रहे।
राज्य स्तरीय इस सम्मान समारोह में वंडर सीमेंट लिमिटेड की निरंतर शैक्षणिक विकास एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के क्षेत्र में भूमिका को एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली, जिससे ग्रामीण शिक्षा सुदृढ़ीकरण की दिशा में इसके योगदान को नई पहचान प्राप्त हुई।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
