वृक्षों को राखी बांधकर रक्षाबंधन मनाया, फाचर अहिरान-बांसा रोड पर शुरू हुआ पौधारोपण
रक्षाबंधन पर फाचर अहिरान-बांसा रोड तक वृक्षारोपण शुरू हुआ। ग्रामीण बहनों ने वृक्षों को राखी बांधकर संरक्षण का संकल्प लिया।

तस्वीर में ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं फाचर अहिरान रोड पर पौधे को राखी बांधती हुई दिखाई दे रही हैं।
रक्षाबंधन के अवसर पर वंडर सीमेंट लिमिटेड ने पर्यावरण संरक्षण की पहल को आगे बढ़ाते हुए ग्राम फाचर अहिरान से बांसा रोड तक वृक्षारोपण कार्य शुरू किया। वंडर सीमेंट लिमिटेड, निम्बाहेड़ा के नीव इनिशिएटिव के तहत कंपनी के यूनिट हेड नितिन जैन के निर्देशन में संचालित इकोग्रीन कार्यक्रम के अंतर्गत यह अभियान शुरू किया गया।
रक्षाबंधन के दिन ग्रामीण क्षेत्र की बहनों ने वृक्षों को राखी बांधकर उनकी रक्षा का संकल्प लिया। इस पहल के माध्यम से समाज को वृक्षारोपण और वृक्ष संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
उल्लेखनीय है कि वंडर सीमेंट द्वारा परियोजना के आरम्भ से ही प्लांट, माइंस एवं आसपास के गांवों में वृक्षारोपण और संरक्षण का कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में इस वर्ष भी वंडर वृक्ष रथ के माध्यम से ग्राम पंचायत करूण्डा, फलवा, फाचर अहिरान, लसड़ावन एवं बड़ोली माधोसिंह के राजकीय विद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों, स्वास्थ्य संस्थानों तथा कंपनी द्वारा विकसित वंडर सीमेंट पंचफल उद्यान, धनोरा, बड़ोली माधोसिंह एवं लसड़ावन सहित गांवों के प्रमुख मार्गों पर पौधारोपण किया गया है।
इसी अभियान के तहत वंडर सीमेंट लिमिटेड द्वारा फाचर अहिरान से बांसा रोड तक ट्रीगार्ड और वृक्ष लगाए जाएंगे। इन वृक्षों की वर्ष पर्यंत देखभाल भी की जाएगी। इससे मार्ग को हरा-भरा रखने के साथ ग्रामवासियों में वृक्षों और वृक्षारोपण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।

