निम्बाहेड़ा। क्षेत्र के युवाओं को स्वर्णिम भविष्य की दिशा दिखाने हेतु वंडर सीमेंट लिमिटेड, निम्बाहेड़ा के 'नींव इनिशिएटिव' के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर स्थापित किया गया। यूनिट हेड श्री नितिन जैन के कुशल निर्देशन में संचालित 'उडान' कार्यक्रम के तहत रविवार, 22 मार्च 2026 को वंडर सीमेंट रुरल डवलपमेंट सेन्टर में कैरियर काउंसलिंग के एक भव्य सेमिनार का सफलतापूर्वक आयोजन संपन्न हुआ। इस गरिमामयी सत्र में निम्बाहेड़ा क्षेत्र के विभिन्न राजकीय विद्यालयों के कक्षा 12वीं के 105 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और शिक्षाविदों व विषय विशेषज्ञों के माध्यम से अपनी योग्यता, क्षमता एवं अभिरुचि के अनुरूप सही कैरियर चयन के गुर सीखे।

संगोष्ठी के दौरान व्याख्याताओं ने विद्यार्थियों को कैरियर चुनाव के समय आने वाली जटिल चुनौतियों एवं मानसिक द्वंद्वों के समाधान हेतु व्यावहारिक उपाय सुझाए। सत्र में विशेष रूप से सरकारी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की रणनीति और विभिन्न उभरते क्षेत्रों के प्रति छात्र-छात्राओं की जिज्ञासाओं का गहन समाधान किया गया। विशेषज्ञों ने उपस्थित युवाओं को लक्ष्य प्राप्ति के लिए कठोर परिश्रम के साथ-साथ मन की एकाग्रता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। मार्गदर्शन की इस कड़ी में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कोटड़ी कलां के स्कूल व्याख्याता श्री कुलदीप सिंह चौधरी ने मुख्य मार्गदर्शक की भूमिका निभाई। उनके साथ ही राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बांसा के वरिष्ठ अध्यापक श्री सुरेश कुमावत एवं डाइट चित्तौड़गढ़ की व्याख्याता श्रीमती नीलम प्रजापति ने भी विद्यार्थियों को भविष्य के उत्कृष्ट क्षेत्रों के चुनाव हेतु प्रोत्साहित किया।

उल्लेखनीय है कि वंडर सीमेंट लिमिटेड प्रबंधन द्वारा सामाजिक उत्तरदायित्व का निर्वहन करते हुए क्षेत्र के राजकीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण एवं बुनियादी सुविधाओं के विस्तार हेतु शिक्षा विभाग को निरंतर सहयोग प्रदान किया जा रहा है। इसी शैक्षिक नवाचार के क्रम में वंडर सीमेंट रुरल डवलपमेंट सेन्टर में विद्यार्थियों हेतु नवोदय, NTSE, STSE, NMMS एवं कक्षा 8वीं से 12वीं तक के सभी विषयों की निःशुल्क कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए CUET, CET, BSTC, PTET, REET, पटवारी एवं पुलिस कांस्टेबल हेतु अनुभवी शिक्षकों द्वारा विशेषज्ञ मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है। इस भव्य सेमिनार का कुशल संचालन श्री विशाल कुमार आलडिया द्वारा किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में वंडर सीमेंट रुरल डवलपमेंट सेन्टर के श्री मनीष आमेटा, श्रीमती कृष्णा जायसवाल, सुश्री वंदना मेनारिया, श्री योगेश सुथार एवं श्री जिनेन्द्र सामरिया ने सक्रिय सहयोग प्रदान कर आयोजन को सार्थकता प्रदान की।

Ruturaj Ravan

Ruturaj Ravan

यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।

Next Story