निंबाहेड़ा। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वंडर सीमेंट लिमिटेड, आर.के. नगर, निंबाहेड़ा के प्रांगण में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन का विधिवत शुभारंभ यूनिट हेड नितिन जैन द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर अपने संबोधन में जैन ने सभी को विश्व पर्यावरण दिवस की बधाई देते हुए कंपनी की प्रतिबद्धता को दोहराया। उन्होंने स्पष्ट किया कि वंडर सीमेंट परियोजना के आरंभ से ही पर्यावरण संरक्षण के प्रति संकल्पबद्ध है। इस वर्ष की थीम ‘इंस्पायर्ड बाय नेचर- फॉर क्लाइमेट- फॉर अवर फ्यूचर’ (Inspired by Nuture- For Climate- For Our Future) पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा केवल एक दिन का विषय नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक व्यक्ति की निरंतर और नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि वृक्षारोपण और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण ही आने वाली पीढ़ियों को एक स्वच्छ एवं सुरक्षित भविष्य प्रदान करने का सबसे प्रभावी मार्ग है।

कार्यक्रम में कंपनी के उपाध्यक्ष (टेक्निकल) विपिन जैन, उपाध्यक्ष (प्रोसेस) राजेंद्र शर्मा सहित सभी विभागों के विभागाध्यक्ष, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। आयोजन के प्रारंभिक चरण में पर्यावरण विभाग के राजेश नायमा ने स्वागत उद्बोधन देते हुए कंपनी द्वारा पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे ठोस प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी। तत्पश्चात, अनिल गोड ने उपस्थित जनसमूह को पर्यावरण सुरक्षा की शपथ दिलाई।

विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में पिछले एक सप्ताह से कंपनी परिसर में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया था, जिनमें नारा लेखन, पोस्टर मेकिंग और निबंध लेखन जैसी गतिविधियां प्रमुख थीं। कार्यक्रम के दौरान इन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। साथ ही, उद्यान विभाग के प्रबंधक मोतीलाल पालीवाल के संयोजन में वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया गया और पक्षियों के लिए परिंडे भी बांधे गए। वंडर सीमेंट ने राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल, चित्तौड़गढ़ द्वारा संचालित जागरूकता अभियानों में भी सक्रिय भागीदारी निभाई, जिसमें जिला स्तर पर ‘वंडर हुनर प्रदर्शनी’ का आयोजन विशेष आकर्षण रहा। कार्यक्रम का कुशल संचालन योगेश त्रिपाठी द्वारा किया गया और समापन पर राहुल बंसल ने समस्त आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Updated On
Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story