निंबाहेड़ा वंडर सीमेंट में विश्व रक्तदाता दिवस पर 202 यूनिट रक्तदान
आर.के. नगर स्थित कंपनी चिकित्सालय में यूनिट हेड नितिन जैन की उपस्थिति में आयोजित शिविर के माध्यम से राजकीय चिकित्सालयों को अब तक कुल 2670 यूनिट रक्त उपलब्ध कराया जा चुका है।

निंबाहेड़ा के वंडर सीमेंट परिसर में आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर के दौरान बेड पर लेटे रक्तदाता और उनका हौसला बढ़ाते कंपनी प्रबंधन के अधिकारी।
निंबाहेड़ा स्थित वंडर सीमेंट लिमिटेड, आर.के. नगर में ‘‘विश्व रक्तदाता दिवस 2026’’ के अवसर पर आयोजित रक्तदान शिविर में मानव सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व का सशक्त उदाहरण देखने को मिला, जहां कुल 202 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। शिविर का आयोजन कम्पनी चिकित्सालय में किया गया, जिसका शुभारम्भ यूनिट हेड नितिन जैन एवं श्री सांवलियाजी राजकीय सामान्य चिकित्सालय, चित्तौड़गढ़ की ब्लड बैंक टीम के प्रतिनिधि डॉ. रोहित धाकड़ द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपाध्यक्ष (मैकेनिकल) विपिन जैन एवं उपाध्यक्ष (प्रोसेस) राजेंद्र शर्मा भी उपस्थित रहे। अतिथियों ने शिविर का अवलोकन करते हुए रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर यूनिट हेड नितिन जैन ने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है और प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को वर्ष में कम से कम एक बार रक्तदान अवश्य करना चाहिए, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध हो सके।
उन्होंने बताया कि वंडर सीमेंट लिमिटेड द्वारा आयोजित विभिन्न रक्तदान शिविरों के माध्यम से अब तक राजकीय चिकित्सालयों की ब्लड बैंक टीम को कुल 2670 यूनिट रक्त उपलब्ध कराया जा चुका है। कंपनी द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में निरंतर सहयोग प्रदान किया जा रहा है, जिसके तहत जिला चिकित्सालय निंबाहेड़ा में वंडर सीमेंट ब्लड बैंक की स्थापना भी करवाई गई है, जो क्षेत्रवासियों के लिए महत्वपूर्ण सुविधा साबित हो रही है।
शिविर का संचालन मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्वास जैन के संयोजन में किया गया। इस दौरान उपाध्यक्ष माइंस ओमप्रकाश राजपुरोहित, महाप्रबंधक (सीएसआर) हेमेंद्र सिंह झाला, एसोसिएट महाप्रबंधक (टेक्निकल) पुलकित खमेसरा, एसोसिएट महाप्रबंधक (एचआर) अजय शर्मा सहित कई अधिकारियों ने सहयोग प्रदान किया। श्री सांवलियाजी राजकीय सामान्य चिकित्सालय की ब्लड बैंक टीम के सदस्यों ने भी रक्त संग्रहण एवं प्रक्रिया को सुरक्षित एवं सुगम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
शिविर में वंडर सीमेंट के कर्मचारियों, अधिकारियों, श्रमिकों, ठेकेदारों, कॉलोनीवासियों एवं आसपास के ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समापन पर सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए तथा भविष्य में भी ऐसे सामाजिक सरोकारों से जुड़े अभियानों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया गया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
