निम्बाहेड़ा दशहरा मेले में वंडर सीमेंट की दो प्रदर्शनियों का शुभारंभ, महिला हुनर और तकनीक पर जोर
निम्बाहेड़ा के राष्ट्रीय दशहरा मेले में वंडर सीमेंट की व्यावसायिक और हुनर प्रदर्शनियों का शुभारंभ हुआ। विधायक श्रीचंद कृपलानी सहित अतिथियों ने पंचफल उद्यान, पोषण वाटिका, किसान विकास मॉडल और महिलाओं के उत्पादों का अवलोकन किया।

निम्बाहेड़ा के राष्ट्रीय दशहरा मेले में वंडर सीमेंट की व्यावसायिक और हुनर प्रदर्शनियों का उद्घाटन करते विधायक श्रीचंद कृपलानी व अन्य अतिथि।
निम्बाहेड़ा के राष्ट्रीय दशहरा मेले में वंडर सीमेंट लिमिटेड की व्यावसायिक और हुनर प्रदर्शनियों का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में राजस्थान सरकार के पूर्व मंत्री एवं निम्बाहेड़ा विधायक श्रीचंद जी कृपलानी, वंडर सीमेंट के यूनिट हेड श्री नितिन जैन, पूर्व विधायक श्री अशोक नवलखा, नगर परिषद सभापति श्रीमती शिल्पा भूतड़ा और उपसभापति श्री निलेश मेहता ने उद्घाटन किया। दोनों प्रदर्शनियों के माध्यम से सीमेंट की तकनीकी एवं गुणवत्ता संबंधी जानकारी के साथ ग्रामीण महिलाओं के कौशल और उनके द्वारा तैयार उत्पादों को भी प्रदर्शित किया जा रहा है।
व्यावसायिक प्रदर्शनी के उद्घाटन के अवसर पर यूनिट हेड श्री नितिन जैन ने अतिथियों को बताया कि वंडर सीमेंट की ओर से प्रतिवर्ष आयोजित की जाने वाली इस प्रदर्शनी के माध्यम से मेले में आने वाले लोगों को सीमेंट की बेहतर तकनीकी और गुणवत्ता से संबंधित जानकारियां दी जाएंगी। इसके साथ ही प्रदर्शनी में विभिन्न गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
प्रदर्शनी के दौरान अतिथियों ने वंडर सीमेंट की ओर से संचालित वंडर इको ग्रीन इनिशिएटिव के तहत विकसित पंचफल उद्यान, पोषण वाटिका और किसान विकास कार्यक्रम के मॉडल का निरीक्षण किया। इन मॉडलों के माध्यम से कंपनी की इस पहल से संबंधित गतिविधियों को प्रदर्शित किया गया।
इसके बाद अतिथियों ने वंडर सीमेंट लिमिटेड की ओर से संचालित हुनर कार्यक्रम की प्रदर्शनी का भी शुभारंभ किया। इस अवसर पर यूनिट हेड श्री जैन ने कार्यक्रम के उद्देश्यों और महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कंपनी के सहयोग से महिलाओं को डिजाइनर परिधान तैयार करने सहित सिलाई के विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर मिल रहे हैं।
श्री जैन ने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कंपनी की ओर से किए जा रहे कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि महिलाओं को विभिन्न रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। वंडर सीमेंट रूरल डेवलपमेंट सेंटर इस पहल का उदाहरण है, जहां प्रशिक्षित महिलाओं को नियमित रूप से सिलाई और बुनाई का काम दिया जा रहा है।
राष्ट्रीय दशहरा मेला निम्बाहेड़ा में आयोजित वंडर हुनर स्वयं सहायता समूह की प्रदर्शनी इसी प्रयास को प्रदर्शित करती है। इस पहल से ग्रामीण महिलाओं को अपने कौशल के माध्यम से नई पहचान बनाने का अवसर मिला है। साथ ही, महिलाएं अपने हुनर को प्रदर्शित कर अन्य लोगों को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित हो रही हैं।
वंडर सीमेंट की दोनों प्रदर्शनियों के उद्घाटन कार्यक्रम में पार्षद श्री विक्रमादित्य खेरोदिया, श्रीमती अनीता सोनी, श्री महिपाल सिंह राणावत, श्री कैलाश सेन, श्री पुष्कर सोनी और श्री कालू सेन उपस्थित रहे। इनके अलावा पूर्व उपप्रधान श्री अशोक जाट, भाजपा नेता श्री देवकरण समदानी, श्री विशाल सोनी, श्री निलेश भूतड़ा, श्री गोपाल पंचोली, श्री लक्की आहूजा और श्री आशीष भूतड़ा भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
वंडर सीमेंट लिमिटेड की ओर से श्री शैलेंद्र सिंह शक्तावत, श्री नागेंद्र सिंह चुंडावत और श्री बनवारी लाल कुमावत मौजूद रहे। कंपनी के सीएसआर विभाग से श्री राहुल व्यास, श्री राहुल दुबे और श्रीमती कर्मा कंवर सहित स्टाफ के सदस्य भी उपस्थित थे। कार्यक्रम में शहर के गणमान्य पत्रकार और नागरिक भी शामिल हुए। उद्घाटन कार्यक्रम का संचालन श्री अनिल सोमानी ने किया।
राष्ट्रीय दशहरा मेले में आयोजित इन प्रदर्शनियों के जरिए वंडर सीमेंट ने सीमेंट की तकनीकी एवं गुणवत्ता संबंधी जानकारी के साथ पर्यावरण से जुड़ी पहल, किसान विकास कार्यक्रम और ग्रामीण महिलाओं के कौशल विकास से संबंधित गतिविधियों को भी लोगों के सामने प्रस्तुत किया।

