वंडर सीमेंट लिमिटेड, आर.के. नगर, निम्बाहेड़ा के नींव इनिशिएटिव के तहत यूनिट हेड श्री नितिन जैन के निर्देशन में संचालित शैक्षणिक उन्नयन कक्षाओं में मंगलवार को आरएएस एवं आरपीएस प्रशिक्षुओं के साथ विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को सफलता की यात्रा, संघर्ष, अनुशासन और निरंतर अध्ययन के महत्व से अवगत कराया गया।

संवाद कार्यक्रम के दौरान आरएएस एवं आरपीएस प्रशिक्षुओं ने विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि स्पष्ट लक्ष्य, नियमित अध्ययन और सकारात्मक सोच सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को समय प्रबंधन, निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़ी विभिन्न जिज्ञासाएं प्रशिक्षुओं के समक्ष रखीं। प्रशिक्षुओं ने प्रत्येक प्रश्न का विस्तारपूर्वक उत्तर देते हुए विद्यार्थियों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया तथा परीक्षा तैयारी की रणनीतियों पर भी महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

उल्लेखनीय है कि वंडर सीमेंट द्वारा संचालित निःशुल्क कक्षाओं के माध्यम से विद्यार्थी विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां प्राप्त कर रहे हैं। शैक्षणिक सत्र 2025-26 में प्रवेश परीक्षाओं, छात्रवृत्ति परीक्षाओं तथा विभिन्न सरकारी सेवाओं में कुल 98 विद्यार्थियों का चयन हो चुका है। यह उपलब्धि संस्था की शैक्षणिक पहल और विद्यार्थियों के निरंतर प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है।

वर्तमान में वंडर सीमेंट रूरल डवलपमेन्ट सेंटर पर प्रतियोगी परीक्षा सीईटी, सेकंड ग्रेड, रीट, राजस्थान पुलिस, पटवार तथा ग्राम विकास अधिकारी भर्ती परीक्षाओं की निःशुल्क कक्षाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ बड़ी संख्या में विद्यार्थी उठा रहे हैं।

कार्यक्रम का संयोजन ब्लॉक मुख्य शिक्षा अधिकारी निम्बाहेड़ा श्री अरविंद मूंदड़ा द्वारा किया गया। इस अवसर पर आरएएस प्रशिक्षुओं ने वंडर सीमेंट लिमिटेड के नींव इनिशिएटिव के अंतर्गत संचालित निःशुल्क कोचिंग कक्षाओं की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रही है। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी के अवसर भी प्रदान कर रही है, जिससे ग्रामीण प्रतिभाओं को नई दिशा और बेहतर भविष्य का मार्ग मिल रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story