निम्बाहेड़ा में प्रस्तावित औद्योगिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के तहत वंडर सीमेंट लिमिटेड द्वारा फलवा चूना पत्थर ब्लॉक परियोजना को लेकर पर्यावरण स्वीकृति हेतु आयोजित जनसुनवाई बुधवार को सम्पन्न हुई। यह जनसुनवाई राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मण्डल, चित्तौड़गढ़ के क्षेत्रीय अधिकारी के संयोजन में सुरपूर बालाजी मंदिर के पास खुले मैदान में आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों, अधिकारियों और सामाजिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

जनसुनवाई के दौरान वंडर सीमेंट लिमिटेड की प्रस्तावित फलवा चूना पत्थर ब्लॉक परियोजना के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। यह परियोजना 11.9962 हेक्टेयर क्षेत्र में प्रस्तावित है, जिसकी उत्पादन क्षमता 1.10 लाख टीपीए निर्धारित की गई है। परियोजना क्षेत्र गांव फलवा, तहसील निम्बाहेड़ा एवं जिला चित्तौड़गढ़, राजस्थान में स्थित है।

इस अवसर पर क्षेत्रीय पर्यावरण अधिकारी आशीष कुमार बोरासी, उपखण्ड अधिकारी निम्बाहेड़ा विकास पंचोली, तहसीलदार निम्बाहेड़ा घनश्याम जरवार, सहायक खनी अभियंता निम्बाहेड़ा प्रदीप मीणा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने परियोजना से जुड़े पर्यावरणीय पहलुओं की जानकारी ग्रामीणों के समक्ष प्रस्तुत की और प्रक्रिया की पारदर्शिता पर बल दिया।

जनसुनवाई के दौरान ग्रामवासियों ने क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ाने तथा विकास कार्यों से संबंधित मांगें और सुझाव रखे। ग्रामीणों की विभिन्न आशंकाओं और सुझावों पर चर्चा करते हुए वंडर सीमेंट लिमिटेड के माइनिंग हेड ओम प्रकाश राजपुरोहित ने कहा कि कंपनी सदैव अपने सामाजिक दायित्वों का पालन करती रही है और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि विश्वास और उत्पादन एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं तथा कंपनी का उद्देश्य क्षेत्र के सतत विकास को सुनिश्चित करना है।

इस दौरान कई ग्रामीणों एवं सामाजिक तथा धार्मिक संस्थाओं ने परियोजना के समर्थन में पर्यावरण विभाग को पत्र भी सौंपे। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, विभागीय कर्मचारियों, ग्रामीणों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और मीडिया प्रतिनिधियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

यह जनसुनवाई न केवल परियोजना की पर्यावरणीय स्वीकृति प्रक्रिया का अहम चरण रही, बल्कि क्षेत्रीय विकास, रोजगार और औद्योगिक संभावनाओं के बीच संतुलन स्थापित करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखी जा रही है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story