कागजों में लाखों खर्च, जमीन पर कीचड़; पटोलिया के वार्ड 3 की बदहाली से उठे सवाल
पटोलिया ग्राम पंचायत के राणावतो की सादड़ी के वार्ड 3 में मुख्य सड़क पर कीचड़ और बदबूदार पानी से ग्रामीण परेशान हैं। सफाई बजट के खर्च की जांच और सड़क-नाली मरम्मत की मांग को लेकर ग्रामीणों ने आंदोलन की चेतावनी दी है।

तस्वीर में पटोलिया के राणावतो की सादड़ी के वार्ड नंबर 3 की मुख्य सड़क पर भरा हुआ गंदा पानी और कीचड़ दिखाई दे रहा है।
काकंरवा, 10 सितंबर। ग्राम पंचायत पटोलिया के राणावतो की सादड़ी के वार्ड नंबर 3 में सड़क और नालियों की बदहाली ने स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्राम पंचायत की ओर से स्वच्छता और नालियों की सफाई के नाम पर हर साल लाखों रुपए खर्च किए जाने का दावा किया जाता है, लेकिन वार्ड में मुख्य सड़क की स्थिति इससे अलग तस्वीर सामने ला रही है। सड़क पर कीचड़ और बदबूदार पानी फैला हुआ है।
वार्ड की इस स्थिति को लेकर ग्रामीणों में जनप्रतिनिधियों के प्रति आक्रोश बढ़ रहा है। स्थानीय निवासी विक्की खटीक ने जनप्रतिनिधियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव जीतने के बाद जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्र से पूरी तरह गायब हो चुके हैं। उनका कहना है कि चुनाव के समय विकास के बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन चुनाव के बाद वार्ड की समस्याओं की सुध लेने वाला कोई नहीं है। इससे जनता खुद को ठगा सा महसूस कर रही है।
विक्की खटीक के अनुसार, वार्ड नंबर 3 की नालियां पूरी तरह चोक हैं और गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। समस्या की ओर बार-बार ध्यान आकर्षित कराने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि नेता केवल वोट मांगने के लिए आते हैं और उसके बाद जनता को उसके हाल पर छोड़ देते हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि सफाई के नाम पर आने वाला बजट सरकारी फाइलों और कागजों तक ही सीमित रह गया है, जबकि धरातल पर वार्ड के लोग बदबूदार पानी के बीच रहने को मजबूर हैं। मुख्य सड़क पर कीचड़ और गंदे पानी की स्थिति से स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वार्ड नंबर 3 के नागरिकों ने प्रशासन से पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है। ग्रामीणों की मांग है कि सफाई के नाम पर हुए खर्च का भौतिक सत्यापन कराया जाए और दोषी अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि इस गंभीर वित्तीय अनियमितता और वार्ड की बदहाली पर तत्काल संज्ञान लेकर सड़क और नाली की मरम्मत नहीं कराई गई, तो वे जल्द ही उग्र आंदोलन करने और जिला कलेक्टर कार्यालय का घेराव करने के लिए बाध्य होंगे।

Shivpal singh Panwar, Chittorgarh
नाम: शिव पाल सिंह पंवार
वर्तमान पद: संवाददाता (प्रातःकाल)
कार्यक्षेत्र: गाँव: कांकरवा, तहसील: भोपालसागर, जिला: चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)
अनुभव: 10 साल
बीट और मुख्य विषय (Beats & Coverage)
- राजनीति: स्थानीय निकाय, पंचायत और क्षेत्र के राजनीतिक घटनाक्रम व जनप्रतिनिधियों के कार्यक्रमों की कवरेज।
- प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक निर्णय, जनसुनवाई और विकास कार्यों की रिपोर्टिंग।
- शिक्षा व सामाजिक मुद्दे: स्थानीय विद्यालयों की स्थिति, शिक्षा योजनाएं और ग्रामीण क्षेत्रों के सामाजिक सरोकार से जुड़े विषय।
- स्वास्थ्य: चिकित्सा सेवाएं, सरकारी स्वास्थ्य योजनाएं और जनस्वास्थ्य से जुड़े समाचार।
- जन समस्या: ग्रामीण अंचल की बुनियादी समस्याएं और आम जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी शिक्षा 11वीं तक पूरी की है।
