बेगूं के जोधपुरिया गांव में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित, सांसद सीपी जोशी और कलेक्टर की मौजूदगी में मनरेगा श्रमिकों को किया गया सम्मानित।

राज्य सरकार द्वारा 1 जुलाई 2026 से प्रारंभ किए गए वीवी राम जी अभियान के तहत गुरुवार को पंचायत समिति बेगूं की ग्राम पंचायत गोपालपुरा के जोधपुरिया गांव स्थित चारागाह पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि चित्तौड़गढ़ सांसद सी.पी. जोशी रहे, जबकि अध्यक्षता जिला कलक्टर डॉ. मंजु ने की। इस अवसर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय पाठक, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी राकेश पुरोहित, उपखण्ड अधिकारी अंकित सामरिया, विकास अधिकारी सुरेश गिरी गोस्वामी सहित जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं ग्रामीणों के स्वागत के साथ हुआ।

मुख्य अतिथि सांसद सी.पी. जोशी ने कहा कि राज्य एवं केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण, चारागाह विकास, वृक्षारोपण, ग्रामीण सड़क निर्माण तथा सार्वजनिक परिसंपत्तियों के सृजन जैसे कार्य गांवों को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाएंगे। उन्होंने ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाकर गांव के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

जिला कलक्टर डॉ. मंजु ने कहा कि वीवी राम जी अभियान ग्रामीण रोजगार एवं आजीविका को नई मजबूती प्रदान करेगा। उन्होंने बताया कि नई व्यवस्था के तहत पात्र ग्रामीण परिवारों को अब 100 दिनों के स्थान पर 125 दिनों के वैधानिक रोजगार की गारंटी मिलेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूर्व में जारी जॉब कार्ड यथावत मान्य रहेंगे तथा सभी चल रहे कार्य बिना किसी बाधा के जारी रहेंगे। उन्होंने अधिकारियों को पारदर्शिता, संवेदनशीलता एवं उत्तरदायित्व के साथ योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय पाठक ने ग्रामीण विकास, सामाजिक सुरक्षा, स्वच्छ भारत मिशन, जल संरक्षण तथा महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए ग्रामीणों से इनका अधिकाधिक लाभ लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान मनरेगा के अंतर्गत 90 दिवस का रोजगार पूर्ण करने वाले श्रमिकों का सम्मान किया गया तथा उन्हें पौधे भेंट किए गए। इस पहल के माध्यम से श्रमिकों के सम्मान के साथ पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण का संदेश भी दिया गया। वीवी राम जी अभियान का यह जिला स्तरीय शुभारंभ ग्रामीण विकास, रोजगार सृजन, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी को नई दिशा देने की महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story