बारिश में भी नहीं थमा लोकतंत्र का जोश, ढोल-नगाड़ों के साथ निकली मतदाता जागरूकता रैली
बड़ी सादड़ी में बारिश के बावजूद ढोल-नगाड़ों के साथ मतदाता जागरूकता रैली निकली। 11 सितंबर को शत-प्रतिशत मतदान का संकल्प लिया गया।

तस्वीर में बड़ी सादड़ी में मतदाता जागरूकता रैली के दौरान हाथों में बैनर और तख्तियां थामे खड़े नगर पालिका कर्मचारी, महिला बाल विकास विभाग की कार्यकर्ता और अधिकारी दिखाई दे रहे हैं।
बड़ी सादड़ी में बारिश के बावजूद मतदाता जागरूकता को लेकर उत्साह कम नहीं हुआ। नगर पालिका आम चुनाव 2026 के लिए मंगलवार को नगर पालिका कर्मचारीगण और महिला बाल विकास विभाग की कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ मतदाता जागरूकता रैली निकालकर लोकतंत्र के महापर्व में मतदान अवश्य करने का संदेश दिया।
राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह के आदेशानुसार तथा चित्तौड़गढ़ जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर डॉ. मंजू जाट के निर्देशन में आयोजित रैली रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखण्ड अधिकारी प्रवीण कुमार मीणा के नेतृत्व में निकाली गई। स्वीप प्रभारी अधिकारी विकास अधिकारी लक्ष्मण लाल मीणा की टीम ने स्वीप प्रभारी भगवत सिंह शक्तावत की पहल पर रैली का आयोजन किया।
नगर पालिका से अधिशासी अधिकारी जितेंद्र मीणा ने रैली को रवाना किया। बारिश होने के बावजूद रैली में शामिल कर्मचारी और महिला बाल विकास विभाग की कार्यकर्ता मतदाताओं को लोकतंत्र को मजबूती देने के लिए मतदान अवश्य करने का संदेश देते नजर आए।
रैली के दौरान आगामी 11 सितंबर को प्रातः 7:00 बजे से शाम 7:00 बजे तक अपने-अपने बूथ पर जाकर मतदान करने की अपील की गई। मतदाताओं से लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने का आह्वान किया गया।
मतदाता जागरूकता रैली नगर पालिका से रवाना होकर गोल चौराहा, अस्पताल रोड, घंटाघर, तहसील कार्यालय, पुलिस थाना रोड होते हुए कानोड़ दरवाजा स्थित बाबा साहब भीमराव अंबेडकर उद्यान पहुंची। यहां रैली का समापन सभी परिजनों सहित शत-प्रतिशत मतदान करने के संकल्प के साथ हुआ।
इस दौरान यह भी संकल्प लिया गया कि कार्यस्थल पर जहां भी कोई मतदाता मिलेगा या दिखाई देगा, उसे मतदान के लिए अवश्य प्रेरित किया जाएगा। बारिश के बीच निकली यह रैली आगामी 11 सितंबर को होने वाले मतदान को लेकर मतदाता जागरूकता अभियान के संदेश को नगर में पहुंचाने का माध्यम बनी।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
