भूपालसागर (चित्तौड़गढ़) । प्रातःकाल संवाददाता अरविंद गर्ग

चित्तौड़गढ़ जिले के भूपालसागर उपखंड अंतर्गत रावतिया ग्राम में श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। यहाँ श्री वीर तेजाजी महाराज की 11 फीट ऊंची भव्य अश्वारूढ़ प्रतिमा की स्थापना के उपलक्ष्य में विशाल धार्मिक महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। वीर तेजाजी विकास सेवा समिति एवं समस्त जाट समाज, रावतिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस भव्य कार्यक्रम की तैयारियां वर्तमान में युद्ध स्तर पर जारी हैं, जिसे लेकर संपूर्ण क्षेत्र में भारी उत्साह व्याप्त है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, तीन दिवसीय मूर्ति स्थापना महोत्सव का विधिवत शुभारंभ 21 अप्रैल 2026, वैशाख सुदी पंचमी को होगा। आयोजन के प्रथम दिन प्रातः 6:00 बजे गणपति स्थापना के साथ विशेष अनुष्ठान प्रारंभ किए जाएंगे। महोत्सव के दूसरे दिन 22 अप्रैल, बुधवार को भक्ति की सरिता बहेगी, जिसके तहत प्रातः 8:00 बजे भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। इसके पश्चात दोपहर 12:15 बजे मंडप प्रवेश और यज्ञ का श्रीगणेश होगा। आस्था की इस कड़ी को विस्तार देते हुए रात्रि 8:00 बजे विशाल भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें निम्बाहेड़ा के सुप्रसिद्ध 'श्री अम्बिका म्यूजिकल ग्रुप' द्वारा भजनों की स्वर लहरियां बिखेरी जाएंगी।

महोत्सव के अंतिम एवं मुख्य दिन 23 अप्रैल, गुरुवार को प्रातः 7:22 बजे के शुभ मुहूर्त में श्री वीर तेजाजी महाराज की अश्वारूढ़ मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा की जाएगी। इस आध्यात्मिक अनुष्ठान की पूर्णता पर प्रातः 10:00 बजे से विशाल महाप्रसादी (भंडारा) का आयोजन होगा। यह समस्त धार्मिक आयोजन रावतिया मंगरी, स्टेट हाईवे-9, पुलिस थाने के पास आयोजित किए जाएंगे। आयोजन समिति ने समस्त धर्मप्रेमी जनता को सपरिवार इस पुनीत कार्य में सम्मिलित होने का भावपूर्ण निमंत्रण दिया है। वीर तेजाजी विकास सेवा समिति के सदस्य व्यवस्थाओं को सुचारू बनाने हेतु सक्रियता से जुटे हुए हैं, ताकि यह महोत्सव क्षेत्र की सांस्कृतिक और धार्मिक एकता का प्रतीक बन सके।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story