धारला/बेगू। मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा द्वारा राजस्थान में जल संरक्षण को गति देने हेतु शुरू किए गए 'वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान' 2026 के अंतर्गत ग्राम धारला बेगू स्थित श्री जोगणिया माता शक्तिपीठ में सेवा एवं स्वच्छता का अनूठा दृश्य देखने को मिला। श्री जोगणिया माता शक्तिपीठ प्रबंध एवं विकास संस्थान के अध्यक्ष श्री सत्यनारायण जोशी के नेतृत्व में संस्थान के पदाधिकारियों, कर्मचारियों, धर्मप्रेमियों और स्थानीय निवासियों ने वृहद श्रमदान कर इस अभियान का प्रभावी शुभारंभ किया।

इस महाअभियान की रूपरेखा पर प्रकाश डालते हुए संस्थान अध्यक्ष श्री सत्यनारायण जोशी ने बताया कि राज्य सरकार एवं देवस्थान विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में संस्थान ने सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की है। श्रमदान के माध्यम से शक्तिपीठ परिक्षेत्र में स्थित मुख्य जलस्त्रोत सूर्यकुंड तालाब/एनिकट तथा गायत्री मंदिर परिसर के आसपास व्यापक सफाई की गई। श्री जोशी ने स्पष्ट किया कि सरकार का ध्येय इस आयोजन को मात्र एक सरकारी कार्यक्रम तक सीमित न रखकर इसे 'जनभागीदारी आंदोलन' का स्वरूप देना है। इस अनूठी पहल में धार्मिक संगठनों, ग्राम पंचायतों और स्वयंसेवी संस्थाओं की सहभागिता के माध्यम से प्रदेश भर के तालाबों, बावड़ियों, नहरों और जलस्त्रोतों का कायाकल्प करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिससे आम जनमानस में जल संरक्षण के प्रति एक सशक्त संदेश प्रसारित होगा।

श्री जोगणिया माता शक्तिपीठ प्रबंध एवं विकास संस्थान सदैव सरकारी जनहितकारी कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। आज सूर्यकुंड परिसर में किया गया यह श्रमदान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा, ताकि जल स्रोतों की स्वच्छता सुनिश्चित हो सके। संस्थान की यह पहल स्थानीय स्तर पर न केवल जल स्रोतों के संरक्षण का माध्यम बनेगी, बल्कि धार्मिक पर्यटन स्थलों की शुचिता बनाए रखने में भी एक अनुकरणीय उदाहरण स्थापित करेगी।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story