वन्दे गंगा जल अभियान: मेघपुरा के राजगढ़ तालाब पर ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम आयोजित
राजस्थान सरकार के निर्देशानुसार जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए मेघपुरा में अधिकारियों और ग्रामीणों ने लिया संकल्प।

भीलवाड़ा के ग्राम पंचायत मेघपुरा स्थित राजगढ़ तालाब पर रविवार को 'वन्दे गंगा जल अभियान' के तहत जल पूजन करते विकास अधिकारी सुरेश गिरी गोस्वामी, प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय ग्रामीण।
राज्य सरकार के निर्देशानुसार 25 मई से 5 जून 2026 तक संचालित होने वाले “वन्दे गंगा जल अभियान” के तहत रविवार को ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम ग्राम पंचायत मेघपुरा स्थित राजगढ़ तालाब पर आयोजित किया गया। जल संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और जल स्रोतों के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी रही।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रभात फेरी से हुई। प्रभात फेरी में शामिल लोगों ने जल बचाओ और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े नारों के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक किया। इसके बाद राजगढ़ तालाब पर विधिवत जल पूजन एवं पीपल पूजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ग्रामीणों को जल संरक्षण, जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने तथा अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का संकल्प दिलाया गया।
विकास अधिकारी सुरेश गिरी गोस्वामी ने कहा कि जल प्रकृति का अमूल्य उपहार है और इसकी प्रत्येक बूंद जीवन के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि बढ़ते जल संकट को देखते हुए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह जल का सदुपयोग करे तथा वर्षा जल संचयन को बढ़ावा दे। उन्होंने सामूहिक जनभागीदारी को जल संरक्षण की सफलता का आधार बताते हुए कहा कि जनसहयोग से ही अभियान के उद्देश्यों को प्रभावी रूप से पूरा किया जा सकता है।
पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए सुरेश गिरी गोस्वामी ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं और सुरक्षित पर्यावरण ही आने वाली पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित रख सकता है। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
अभियान के तहत आगामी दिनों में ग्राम पंचायतों में स्वच्छता अभियान, श्रमदान, जल स्रोतों की साफ-सफाई, वृक्षारोपण, जागरूकता रैली तथा पर्यावरण संरक्षण से संबंधित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। साथ ही आमजन को जल बचत के पारंपरिक एवं आधुनिक उपायों की जानकारी भी दी जाएगी।
कार्यक्रम में तहसीलदार गोपाल लाल जीनगर, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी राम सिंह यादव, जलदाय विभाग के कनिष्ठ अभियंता अजय जोनवाल, राजीविका के ब्लॉक प्रोजेक्ट मैनेजर गोपाल लाल, ग्राम विकास अधिकारी आकाश वर्मा, कैलाश धाकड़ सहित ग्राम पंचायत मेघपुरा के जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा को जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में यह अभियान क्षेत्र में व्यापक जागरूकता का माध्यम बन रहा है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
