चित्तौड़गढ़: वैभवी राजौरा हत्या मामले में शिक्षक पर कार्रवाई की मांग
तैलिक साहू समाज ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर आरोपी शिक्षक गोविन्द शर्मा के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज करने और सीसीटीवी जांच की मांग की।

चित्तौड़गढ़ जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के बाहर छात्रा के न्याय की मांग करते लोग।
चित्तौड़गढ़। छात्रा वैभवी राजौरा की हत्या के मामले में तैलिक साहू समाज ने जिला मुख्यालय पर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर आरोपी शिक्षक गोविन्द शर्मा के खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज करने और मामले की गहन जांच की मांग की। समाजबंधुओं ने घटना से जुड़े सभी सीसीटीवी कैमरों की मदद से जांच कर आरोपी की नीयत और कथित गलत कृत्य का स्पष्ट खुलासा करने तथा कठोरतम धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि सांवरिया मण्डफिया निवासी भैरूलाल तेली की पुत्री वैभवी राजौरा उदयपुर में बीएन कॉलेज में अध्ययनरत थी। समाज की ओर से आरोप लगाया गया कि 19 सितम्बर को बीएन कॉलेज के शिक्षक आरोपी गोविन्द शर्मा छात्रा वैभवी राजौरा को बहला-फुसलाकर कॉलेज से बीस किलोमीटर दूर ले गया। ज्ञापन में आरोप है कि छात्रा को पानी में तैराने का बहाना बनाकर पूर्व नियोजित षडयंत्र के तहत पानी में डुबोकर उसकी हत्या कर दी गई।
समाजबंधुओं ने ज्ञापन में कहा कि आरोपी शिक्षक छात्रा को बिना कॉलेज प्राचार्य की अनुमति, बिना माता-पिता की अनुमति अथवा किसी अन्य की अनुमति के अकेले ही कॉलेज हॉस्टल से बीस किलोमीटर दूर अपने साथ ले गया। ज्ञापन के अनुसार, छात्रा की हत्या करने के बाद आरोपी उसे हॉस्पीटल में लाकर अकेले ही छोड़कर भाग गया। समाज की ओर से कहा गया कि आरोपी की ये सभी हरकतें उसे संदेह के घेरे में खड़ा करती हैं।
ज्ञापन में मांग की गई कि आरोपी शिक्षक गोविन्द शर्मा के खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज की जाए। घटना स्थल के सभी सीटीवी कैमरों की मदद से जांच कर मामले की पूरी परिस्थितियों, आरोपी की नीयत और गलत कृत्य का स्पष्ट खुलासा किया जाए तथा आरोपी के खिलाफ कठोरतम धाराओं के अन्तर्गत मुकदमा दर्ज किया जाए।
ज्ञापन देने वालों में चंद्रकांता राठौर, सुमित्रा साहू, शिवानी खामोरा, देवकी साहू, पूजा राजोरा, किरण आश्रमा, राजेंद्र राजोरा, सीपी तेनगरिया, भेरूलाल दशोरा, सत्यनारायण बाथरा, बृजेश कुमार राठौर, भंवर लाल आश्रमा, रमेश कसौदनिया, भगवती लाल पंडियार, रजनीश साहू, कन्हैया लाल, मनोज राठौर, देवराज हुवासिया, सोहन बनवार, जीतमल अजमेरा, संदीप आश्रमां, भगवती लाल आश्रमा, प्रभुलाल डुंगरिया, संजय गुंदालिया, राजू, दिनेश अस्तोलीया, ललित भानगढ़, विष्णु अस्तोलिया, सीताराम साहू सहित कई समाजबंधु उपस्थित हुए।

Piyush Mundara, Chittorgarh
नाम: पियूष मूंदड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता
कार्यक्षेत्र: चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)
अनुभव: साल 2013 से
विशेष रुचि: अपराध (क्राइम) और वन्य जीव (Wildlife) रिपोर्टिंग
बीट और कवरेज
- स्थानीय समाचार: चित्तौड़गढ़ जिला और संबंधित तहसीलों की सभी स्थानीय खबरों की नियमित कवरेज।
- क्राइम एवं वन्य जीव: पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, अपराध संबंधी घटनाओं के साथ-साथ वन्य जीव और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों की विशेष रिपोर्टिंग।
- राजनीति: स्थानीय निकाय, संगठनात्मक गतिविधियां और क्षेत्रीय राजनीतिक घटनाक्रम।
- प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक निर्णय, जनसुनवाई और विकास कार्यों की समीक्षा।
- शिक्षा एवं स्वास्थ्य: शैक्षणिक संस्थानों की गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे, चिकित्सा सेवाएं और स्वास्थ्य योजनाओं का कवरेज।
- बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां और आर्थिक समाचार।
शैक्षणिक योग्यता
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
