उदयलाल आंजना ने गोठड़ा के देवनारायण मंदिर में भागवत कथा का श्रवण किया
निम्बाहेड़ा के गोठड़ा गांव में आयोजित सप्त दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा के छठे दिन पूर्व मंत्री उदयलाल आंजना ने व्यास पीठ का पूजन कर आशीर्वाद लिया।

निम्बाहेड़ा के गोठड़ा गांव स्थित श्री चमत्कारी देवनारायण मंदिर में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा के दौरान व्यास पीठ पर विराजमान पंडित माणक चंद मेनारिया का अभिवादन करते पूर्व मंत्री उदयलाल आंजना।
तहसील क्षेत्र के निकटवर्ती ग्राम गोठडा स्थित श्री चमत्कारी देवनारायण मंदिर परिसर इन दिनों श्रद्धा, आस्था और भक्ति की अनुपम त्रिवेणी का साक्षी बन रहा है। समस्त ग्रामवासियों के सामूहिक सहयोग एवं अटूट विश्वास से आयोजित कलश स्थापना, सप्त दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा एवं पंच कुण्डीय महायज्ञ के पावन संगम में प्रतिदिन जनसैलाब उमड़ रहा है, जहां श्रद्धालु धर्म लाभ अर्जित कर आध्यात्मिक ऊर्जा ग्रहण कर रहे हैं। 3 मई से प्रारंभ हुआ यह भव्य धार्मिक अनुष्ठान आगामी 9 मई तक पूर्ण श्रद्धा, हर्षोल्लास और भक्तिमय वातावरण के बीच संपन्न हो रहा है।
श्रीमद् भागवत कथा के छठे दिवस, शुक्रवार को राजस्थान सरकार के पूर्व सहकारिता मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता उदयलाल आंजना कथा स्थल पर पहुंचे। वहां उन्होंने पूर्ण श्रद्धा भाव के साथ भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य और अलौकिक लीलाओं का श्रवण किया। आंजना के आगमन पर आयोजन समिति एवं समस्त ग्रामवासियों ने मेवाड़ी परंपरा के अनुरूप साफा बंधवाकर एवं उपरणा ओढ़ाकर उनका आत्मीय स्वागत व भव्य अभिनंदन किया। इस दौरान समूचा पांडल भगवान के जयघोषों से गुंजायमान हो उठा और वातावरण पूरी तरह भक्ति के रंग में रंग गया।
इस आध्यात्मिक महोत्सव में सुप्रसिद्ध कथा व्यास पंडित श्री माणक चंद जी मेनारिया (फतेहनगर वाले) अपनी मधुर, ओजस्वी और भावपूर्ण शैली में कथा का वाचन कर रहे हैं। पंडित मेनारिया अपनी वाणी से श्रद्धालुओं को सनातन धर्म, भारतीय संस्कृति, संस्कारों एवं मानवीय जीवन के उच्च आदर्शों के प्रति जागृत कर रहे हैं। कथा श्रवण के दौरान उपस्थित जनसमूह भक्ति भाव में भावविभोर होकर लीन दिखाई दिया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री उदयलाल आंजना ने व्यास पीठ का पूजन कर पंडित श्री माणक चंद जी मेनारिया से आशीर्वाद प्राप्त किया तथा क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि एवं चहुंमुखी खुशहाली की मंगलकामना की।
उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री आंजना ने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा जैसे दिव्य आयोजन हमारी सनातन संस्कृति की अनमोल धरोहर हैं। ये आयोजन न केवल समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे की भावना को सुदृढ़ करते हैं, बल्कि मनुष्य को सत्य, सेवा, करुणा और सदाचार के मार्ग पर चलने के लिए निरंतर प्रेरित करते हैं। उन्होंने ग्रामवासियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक चेतना का संचार होता है।
इस धार्मिक समागम के दौरान छोटीसादड़ी ब्लाक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मुकेश जाट, पूर्व ब्लाक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राधेश्याम पाटीदार, गोपाल जणवा, मिट्ठू लाल जणवा, शंकर लाल जणवा, पृथ्वीराज जणवा, देवी लाल जणवा, कमलेश जणवा, बाबूलाल जणवा, गोपाल जणवा, मांगीलाल जणवा सहित जणवा समाज के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कथा में आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए बड़ी संख्या में श्रद्धालु, महिलाएं, पुरुष एवं बालक-बालिकाओं की उपस्थिति ने इस आयोजन को एक विराट भक्ति उत्सव का स्वरूप प्रदान किया।

