चित्तौड़गढ़ में पुलिस का बड़ा ऑपरेशन, 29 टीमों ने 300 ठिकानों पर दी दबिश, 40 गिरफ्तार
चित्तौड़गढ़ में राजस्थान, मध्यप्रदेश और गुजरात पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में 300 ठिकानों पर कार्रवाई हुई और 40 अपराधी गिरफ्तार किए गए।

तस्वीर में पुलिस अधिकारी उदयपुर में संयुक्त ऑपरेशन की समीक्षा बैठक करते नजर आ रहे हैं।
डीजीपी-आईजीपी कॉन्फ्रेंस की सिफारिशों की पालना और पुलिस मुख्यालय से प्राप्त निर्देशों के तहत राजस्थान पुलिस की उदयपुर रेंज ने सीमावर्ती राज्यों मध्यप्रदेश और गुजरात पुलिस के साथ तीन दिवसीय संयुक्त ऑपरेशन एक्सरसाइज आयोजित की। इस संयुक्त अभियान में राजस्थान के चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़, बांसवाड़ा, डूंगरपुर और उदयपुर, मध्यप्रदेश के नीमच, मंदसौर और रतलाम तथा गुजरात के साबरकांठा और अरावली जिलों की पुलिस शामिल रही।
पुलिस महानिरीक्षक उदयपुर रेंज उदयपुर गौरव श्रीवास्तव ने बताया कि संयुक्त ऑपरेशन के तहत 31 अगस्त को संबंधित जिलों के वरिष्ठ अधिकारियों ने आपसी सूचनाओं का आदान-प्रदान कर संयुक्त कार्रवाई की योजना तैयार की। टेबल-टॉप एक्सरसाइज के माध्यम से टीमों का गठन किया गया और चिन्हित अपराधियों तथा उनके संभावित ठिकानों से संबंधित आसूचनाओं को साझा किया गया।
01 सितंबर को गठित संयुक्त टीमों ने चिन्हित अपराधियों और लक्ष्यों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी। टीमों ने एक-दूसरे के सहयोग से सर्च एवं सीजर की कार्रवाई की तथा कुछ स्थानों पर संयुक्त नाके भी लगाए। इस दौरान 29 टीमों ने करीब 300 अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की।
संयुक्त ऑपरेशन के दौरान मादक पदार्थ तस्करी और विभिन्न अन्य अपराधों में संलिप्त 40 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अतिरिक्त 31 फरार अपराधियों के संबंध में महत्वपूर्ण आसूचना प्राप्त हुई और उन्हें सफलतापूर्वक लोकेट किया गया। इनके विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
बुधवार को जिंक गेस्ट हाउस में मध्यप्रदेश पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ संयुक्त डीब्रीफिंग सेशन आयोजित किया गया। बैठक की अध्यक्षता पुलिस महानिरीक्षक उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव ने की। बैठक में डीआईजी रतलाम, पुलिस अधीक्षक नीमच, मंदसौर, प्रतापगढ़, चित्तौड़गढ़, बांसवाड़ा, एनसीबी, एएनटीएफ तथा असिस्टेंट डायरेक्टर आईबी सहित संबंधित वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
बैठक में संयुक्त ऑपरेशन के दौरान प्राप्त अनुभवों और लर्निंग पॉइंट्स को साझा किया गया। आगामी दिनों में संयुक्त एक्सरसाइज को अधिक फोकस्ड और प्रभावी बनाने के लिए चिन्हित जोन, संभावित क्षेत्रों तथा अपराधियों की विभिन्न मोडस ऑपरेंडी पर विशेष रूप से चर्चा की गई। दोनों राज्यों की पुलिस द्वारा अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए अपनाई जा रही बेस्ट प्रैक्टिसेज और रणनीतियों का भी आदान-प्रदान किया गया।
संयुक्त एक्सरसाइज का उद्देश्य अंतर्राज्यीय एवं अंतरजिला सीमाओं का अपराधियों द्वारा उठाए जाने वाले लाभ को समाप्त करना, फरार और सक्रिय अपराधियों को प्रभावी रूप से गिरफ्तार करना तथा उनके आपराधिक नेटवर्क को चिन्हित कर उसे जड़ से उखाड़ना है। आगामी दिनों में भी राजस्थान, मध्यप्रदेश और गुजरात पुलिस के बीच इसी प्रकार की संयुक्त एक्सरसाइज और समन्वित कार्रवाई लगातार जारी रखी जाएगी।

Piyush Mundara, Chittorgarh
नाम: पियूष मूंदड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता
कार्यक्षेत्र: चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)
अनुभव: साल 2013 से
विशेष रुचि: अपराध (क्राइम) और वन्य जीव (Wildlife) रिपोर्टिंग
बीट और कवरेज
- स्थानीय समाचार: चित्तौड़गढ़ जिला और संबंधित तहसीलों की सभी स्थानीय खबरों की नियमित कवरेज।
- क्राइम एवं वन्य जीव: पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, अपराध संबंधी घटनाओं के साथ-साथ वन्य जीव और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों की विशेष रिपोर्टिंग।
- राजनीति: स्थानीय निकाय, संगठनात्मक गतिविधियां और क्षेत्रीय राजनीतिक घटनाक्रम।
- प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक निर्णय, जनसुनवाई और विकास कार्यों की समीक्षा।
- शिक्षा एवं स्वास्थ्य: शैक्षणिक संस्थानों की गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे, चिकित्सा सेवाएं और स्वास्थ्य योजनाओं का कवरेज।
- बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां और आर्थिक समाचार।
शैक्षणिक योग्यता
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
