राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को उदयपुर में निंबाहेड़ा विधानसभा क्षेत्र के बीते ढाई वर्षों के विकास कार्यों पर आधारित पुस्तिका "जनकल्याण एवं विकास को समर्पित 2 वर्ष" का भव्य विमोचन किया। पूर्व नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री तथा निंबाहेड़ा विधायक श्रीचंद कृपलानी के नेतृत्व में तैयार की गई यह पुस्तिका क्षेत्र में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में हासिल की गई महत्वपूर्ण उपलब्धियों का प्रमाण है। "नव उत्थान-नई पहचान, बढ़ता राजस्थान-हमारा राजस्थान" थीम पर आधारित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विधायक कृपलानी की दूरदर्शिता और जनसेवा के प्रति उनकी निष्ठा की जमकर सराहना की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि विधायक श्रीचंद कृपलानी ने जनप्रतिनिधि के रूप में सदैव विकास को अपनी प्राथमिकता में रखा है, जो उनके कार्यक्षेत्र में स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। उन्होंने विश्वास जताया कि विधायक के कुशल मार्गदर्शन में निंबाहेड़ा विधानसभा क्षेत्र विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार की सुशासन और जनहितकारी नीतियों के प्रति प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा कि सरकार का मुख्य लक्ष्य अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचाना है। कार्यक्रम में जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी, राजस्व मंत्री हेमंत मीणा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे। समापन में विधायक श्रीचंद कृपलानी ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि निंबाहेड़ा की जनता के विश्वास और सहयोग से विकास की यह निरंतर यात्रा भविष्य में भी जारी रहेगी और क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प पूरा किया जाएगा।

Next Story