निम्बाहेडा जैन कुशल नगर में व्यवसायी के सूने मकान से 20 लाख की चोरी
आमलिया बावड़ी रोड पर शातिर चोर ने महज 13 मिनट में अलमारी का ताला तोड़कर 15 लाख के जेवर और 5 लाख नकदी पर हाथ साफ किया।

निम्बाहेडा के जैन कुशल नगर में सोमवार रात सीसीटीवी में कैद हुआ संदिग्ध चोर, जिसने आशीष गर्ग के घर से 20 लाख रुपये का माल पार किया।
शहर के आमलिया बावड़ी रोड स्थित जैन कुशल नगर में सोमवार रात एक शातिर चोर ने महज 13 मिनट में बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देकर सनसनी फैला दी। ऑटोमोबाइल स्पेयर पार्ट्स व्यवसायी आशीष गर्ग के सूने मकान को निशाना बनाते हुए चोर करीब 20 लाख रुपए के जेवरात और नकदी चुरा ले गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोर रात 9:28 बजे मकान की दीवार फांदकर अंदर घुसा। इसके बाद उसने मुख्य गेट का ताला तोड़कर कमरों में प्रवेश किया और अलमारियों व लॉकर को खंगालना शुरू किया। इस दौरान उसने सोने-चांदी के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पूरी वारदात को अंजाम देने के बाद चोर 9:41 बजे मौके से फरार हो गया। इस तरह पूरी चोरी की घटना महज 13 मिनट में अंजाम दी गई।
सीसीटीवी फुटेज में सामने आया कि चोर ने अपने चेहरे को नकाब से ढक रखा था। वह खाली हाथ आया था, लेकिन सामान ले जाने के लिए उसने बेडरूम से तकिए का खोल उठाया और उसमें करीब 5 लाख रुपए नकद तथा 15 लाख रुपए के जेवरात भरकर फरार हो गया।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। सूने मकानों को निशाना बनाकर कम समय में बड़ी वारदात को अंजाम देने की यह घटना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
