काकंरवा, 25 दिसंबर।

सनातन संस्कृति के संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन और मानवीय स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता के उद्देश्य से भुपालसागर के गायत्री नगर स्थित माँ गायत्री गुरुकुलम् उच्च प्राथमिक विद्यालय में 25 दिसंबर को तुलसी दिवस समारोह श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। विद्यालय परिसर में बीते दस वर्षों की परंपरा को निभाते हुए इस वर्ष भी तुलसी पूजन कार्यक्रम ने धार्मिक, सांस्कृतिक और वैज्ञानिक चेतना का सशक्त संदेश दिया।

कार्यक्रम की तैयारी के तहत विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने पिछले पंद्रह दिनों से विद्यार्थियों को तुलसी के आध्यात्मिक और औषधीय महत्व से अवगत कराया। बच्चों को बताया गया कि तुलसी केवल एक पौधा नहीं, बल्कि जीव मात्र को देहिक, दैविक और मानसिक त्रितापों से बचाने वाला परमात्मा का प्रसाद है। विज्ञान की भाषा में तुलसी को एक “वंडर ड्रग” के रूप में वर्णित करते हुए इसके माध्यम से लगभग 800 प्रकार की बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण की जानकारी दी गई। साथ ही यह भी बताया गया कि तुलसी दर्शन मात्र से आयु और आरोग्य को पुष्ट करती है तथा वातावरण को शुद्ध कर लगभग 200 मीटर की परिधि तक नकारात्मक ऊर्जा को समाप्त करने में सहायक होती है।

‘घर-घर तुलसी अभियान’ के अंतर्गत विद्यार्थियों को तुलसी के बीज वितरित किए गए, ताकि यह संदेश प्रत्येक परिवार तक पहुंचे और पर्यावरण संरक्षण की भावना समाज में और अधिक सुदृढ़ हो। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त स्टाफ और विद्यार्थियों ने विधिवत तुलसी पूजन कर परिक्रमा की। कार्यक्रम के अंत में प्रसाद स्वरूप तुलसी टॉफी का वितरण किया गया, जिससे बच्चों में उत्साह और आस्था दोनों का संचार हुआ।

कार्यक्रम के दौरान 26 दिसंबर को मनाए जाने वाले वीर बाल दिवस की भी स्मृति की गई। गुरु गोविंद सिंह जी के महान बलिदानी सुपुत्रों साहेबजादा अजीत सिंह जी, साहेबजादा जुझार सिंह जी, साहेबजादा फतेह सिंह जी और साहेबजादा जोरावर सिंह जी द्वारा 320 वर्ष पूर्व सनातन धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

माँ गायत्री गुरुकुलम् उच्च प्राथमिक विद्यालय का यह आयोजन न केवल धार्मिक और सांस्कृतिक चेतना को सुदृढ़ करने वाला रहा, बल्कि नई पीढ़ी को प्रकृति, स्वास्थ्य और इतिहास के प्रति जागरूक करने की दिशा में एक प्रेरणादायी प्रयास के रूप में भी सामने आया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story