डूंगला (प्रवीण मेहता) – चिकारड़ा कस्बे में रोजाना लगने वाला लंबा जाम स्थानीय लोगों और वाहन चालकों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन गया है। मंगलवाड़-निंबाहेड़ा राजमार्ग पर दो से तीन किलोमीटर तक फैलने वाले जाम में न केवल आम वाहन फंसते हैं, बल्कि आपातकालीन सेवाओं, विशेषकर एंबुलेंस, भी प्रभावित हो रही हैं, जिससे मरीजों की जान पर प्रत्यक्ष खतरा बनता है।

स्थानीय निवासी बताते हैं कि जाम में दोपहिया वाहन से लेकर चारपहिया वाहन, ट्रेलर, डम्फर, मिनी ट्रक, टेक्टर और बड़े छोटे टैंकर तक फंस जाते हैं। खासकर चौपहिया वाहनों की अनुचित पार्किंग और गलत तरीके से चलने से जाम और भी लंबा हो जाता है। कभी-कभी जाम खुलने में दो से तीन घंटे तक का समय लग जाता है।

सड़क की स्थिति भी जाम का एक प्रमुख कारण है। निंबाहेड़ा से मंगलवाड़ तक की सड़क काफी खराब है और चिकारड़ा में जगह-जगह गड्ढों की उपस्थिति वाहन चालकों को और परेशान करती है। इसके परिणामस्वरूप आए दिन छोटे-बड़े वाहन दुर्घटनाग्रस्त होते रहते हैं। हाल ही में जाम में फंसी एक पानी पतासे की लोरी पलट गई, लेकिन सौभाग्य से उस समय कोई आम व्यक्ति आसपास नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

स्थानीय ग्रामीणों ने कई बार सांवलिया जी चौराहा से एयरटेल टावर तक हो रहे अतिक्रमण को हटाने की मांग उठाई है। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से केवल आश्वासन दिए गए हैं और अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। जाम की निरंतर बढ़ती समस्या के चलते ग्रामीणों ने बस स्टैंडों पर पुलिस जवान तैनात करने की मांग भी की है। वर्तमान में पुलिस चौकी पर मात्र दो जवान हैं, जो दिनभर की भीड़ और ट्रैफिक को संभालने में असमर्थ हैं।

सरकारी पहल की बात करें तो राजस्थान सरकार के अनुसार केंद्र द्वारा फोरलाइन बजट जारी किया जा चुका है और सर्वे भी संपन्न हो चुका है। सड़क की लाइनिंग का कार्य लगभग पूरा हो गया है, लेकिन बाईपास निर्माण में अनुमानित रूप से छह माह का समय लग सकता है। तब तक जाम के समाधान और सुरक्षा के लिए ग्रामीणों का सुझाव है कि दोनों बस स्टैंडों पर पुलिस जवान तैनात किए जाएँ और अतिक्रमण को शीघ्र हटाया जाए।

चिकारड़ा में बढ़ते जाम की समस्या न केवल सामान्य आवागमन को प्रभावित कर रही है, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं और आपातकालीन परिस्थितियों में जान-माल के लिए गंभीर खतरा भी उत्पन्न कर रही है। शादी-ब्याह के सीजन में बढ़ते भीड़-भाड़ के कारण दुर्घटना की संभावना और भी अधिक बढ़ जाती है।

Updated On
Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story