चित्तौड़गढ़, 03 दिसंबर। पारसोली थाना क्षेत्र के काटुंदा मोड़ से स्वराज ट्रैक्टर–ट्रॉली चोरी की वारदात को पुलिस ने तत्परता और तकनीकी दक्षता के साथ सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का वाहन बरामद कर लिया। घटना के बाद से क्षेत्र में फैली चिंता के बीच पुलिस की यह सफलता राहत लेकर आई है।

जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी के अनुसार 30 अक्टूबर की रात्रि में कमलेश पुत्र उदयलाल मेवाड़ा का ट्रैक्टर–ट्रॉली किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा चुरा ले जाने की रिपोर्ट पारसोली थाने में दर्ज कराई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी रावतभाटा भगवत सिंह के निर्देशन और डीएसपी बेगूं अंजलि सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी शिवराज राव के नेतृत्व में पुलिस व साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई।

एएसआई रामदयाल, कॉन्स्टेबल सोनाराम, ललित सिंह, विजय सिंह, रघुवीर, तथा साइबर सेल के हेड कॉन्स्टेबल राजकुमार, कॉन्स्टेबल राजेश कुमार, रामावतार और गणपत ने तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन और साइबर विशेषज्ञों की सहायता के साथ पूरी घटना की परतें खोलनी शुरू कीं। मुखबिर तंत्र से मिली महत्वपूर्ण सूचना ने जांच को निर्णायक मोड़ दिया।

पुलिस टीम ने वारदात में शामिल 24 वर्षीय प्रकाशचंद्र कीर पुत्र बद्रीलाल कीर निवासी रामनगर, थाना बिगोद, जिला भीलवाड़ा तथा 22 वर्षीय कमलेश कुमार पुत्र लालूराम जाट निवासी माताजी खेड़ा, थाना बिगोद, जिला भीलवाड़ा को चिन्हित किया। लगातार प्रयासों के बाद दोनों को दस्तयाब कर कड़ी पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने चोरी स्वीकार करते हुए बताया कि ट्रैक्टर–ट्रॉली को प्रकाश कीर ने अपने बाड़े में छिपा रखा था।

टीम ने मौके पर पहुंचकर चोरी का ट्रैक्टर–ट्रॉली बरामद कर लिया। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस रिमांड मंजूर हुआ। पुलिस अब आरोपियों से अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों के बारे में गहन पूछताछ कर रही है।

पुलिस की तत्परता, तकनीकी जांच और समन्वित कार्रवाई ने एक बार फिर साबित किया है कि संगठित प्रयासों से जटिल से जटिल अपराधों को भी सुलझाया जा सकता है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story